तेजस्वी के वादों के आगे भारत सरकार का बजट भी छोटा पड जाएगाः केशव मौर्य
पटना। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव बिहार विधानसभा चुनावों की जा रही घोषणाओं पर भाजपा नेता और यूपी के उपमुपख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने करारा जवाब दिया। भोजपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए केशव मौर्य ने कहाकि तेजस्वी यादव बिहार की जनता से सिर्फ फर्जी वादा कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश का बजट आठ लाख करोड़ का है। बिहार का बजट उतना नहीं है, लेकिन जितना वादा तेजस्वी यादव कर रहे हैं, उतना भारत सरकार का बजट भी छोटा पड़ जाएगा।
उन्होंने कहाकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से निकालने का काम किया है। एनडीए की सौ से अधिक बड़ी-बड़ी सभाएं हो गई हैं, लेकिन महागठबंधन की शुरुआत तक नहीं हुई है। चुनाव तो पहले ही हार चुके हैं। अब गुमराह करने का वादा कर रहे हैं। केशव प्रसाद ने कहाकि बिहार आज विकास के पथ पर आगे बढ़ चला है। बिहार की जनता इतनी नासमझ नहीं है कि लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव के हाथ में सौंप कर अपने बेटों का भविष्य खराब कर ले। तेजस्वी का भविष्य बिहार चलाने के लिए नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने कहाकि राहुल गांधी बिहार में आए अधिकार यात्रा करके चले गए। अब कहां गायब हो गए पता नहीं चल रहा है। जैसे राहुल गांधी गायब हुए वैसे ही महागठबंधन को गायब कर देना है। केशव प्रसाद मौर्य शाहपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी राकेश रंजन के समर्थन में जनसभा करने पहुंचे थे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चैधरी और अन्य नेता उपस्थित रहे।
