रेलवे मनाएगा स्वच्छोत्सव पखवाडा
आगरा मंडल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा
सभी स्टेशनों पर स्वच्छता शपथ के साथ चिन्हित स्थानों पर भी की जाएगी सफाई
आगरा। यात्रीगण ! कृप्या ध्यान दें, स्टेशन परिसर और ट्रेनों को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें। इधर-उधर कूडा फेंकने के बजाए निर्धारित स्थान पर ही डालें। यह अपील आगरा रेल मंडल प्रशासन ने की। आगरा रेल मंडल इस वर्ष भी 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा स्वच्छोत्सव के रूप मनाया गया।
मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत हर दिन को एक दिवस की तरह मनाया जाएगा। पखवाड़े की शुरुआत मंडल के साथ-साथ सभी स्टेशनों में स्वच्छता की शपथ ग्रहण करायी जाएगी। स्वच्छता जागरूकता के साथ स्वच्छता सम्बन्धी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें संपूर्ण स्वच्छता, स्वच्छता लक्ष्य इकाई, सफाई मित्र, सुरक्षा शिविर, वृहद वृक्षारोपण, स्वच्छता प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, मैराथॉन, वेस्ट टु आर्ट, यूथ कॅम्पेन, जल स्त्रोतों की सफाई इत्यादि प्रमुख हैं। .
इस अभियान में उन स्थानों को भी चिन्हित किया जा रहा है जहां पर साफ-सफाई नहीं हो पाती है। आगरा मंडल में इस तरह के कुल 2000 स्थानों की पहचान की गई है। जहां साफ-सफाई के साथ इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा कि जो कूड़ा निकले उसका पूर्णतया निराकरण किया जाए। सरकारी प्रयासों के साथ-साथ इस अभियान में आमजन की भागीदारी भी अपेक्षित है। आगरा रेलवे मंडल का यात्रियों से अनुरोध है कि रेलगाड़ियों में खाने-पीने का सामान इधर-उधर न फैलाएं, कूड़ा कूड़ेदान में ही डालें, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें, प्लेट फार्म में गीले और सूखे कूड़े के लिए अलग-अलग कूड़ेदान लगाए गए हंै। कृपया सही कूड़ेदान का प्रयोग करें, स्टेशन परिसर में पान गुटखा ना खाए, पानी का दुरुपयोग ना करें। रेलवे ने यात्रियों से निवेदन किया है कि टॉयलेट में किसी भी तरह का कूड़ा ना डालें।
