जिलाधिकारी से मिला चैम्बर प्रतिनिधिमंडल, टीटीजेड में उद्योगों को राहत, गैस कटौती सहित कई समस्याओं को उठाया

0
image_870x_69eca51db8dcf

उद्योगों को वैकल्पिक बिजली कनेक्शन और भारी वाहनों को उत्त्री बाइपास की ओर डायवर्ट करने का दिया सुझाव

आगरा। उद्योगों को लेकर आ रही कठिनाइयों को लेकर नेशनल चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मनीष बंसल से मुलाकात की। डीएम कार्यालय में मिले चैम्बर अध्यक्ष द्वारा जिलाधिकारी का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान शहर और औद्योगिक समस्याओं पर चर्चा के लिए औपचारिक बैठक का आमंत्रण दिया गया, जिसे जिलाधिकारी ने स्वीकार करते हुए शीघ्र बैठक का आश्वासन दिया।
चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहाकि वर्ष 1995 में उच्चतम न्यायालय द्वारा ताज संरक्षित क्षेत्र घोषित किए जाने के बाद से आगरा का औद्योगिक विकास बुरी तरह प्रभावित हुआ है। टीटीजेड की कठोर शर्तों के चलते नए उद्योगों की स्थापना और पुराने उद्योगों के विस्तार पर लगभग पूर्ण प्रतिबंध है, जिससे आगरा का औद्योगिक क्षेत्र देश में सबसे कमजोर स्थिति में पहुंच गया है। उन्होंने वर्तमान हालात को और गंभीर बताते हुए कहाकि गेल गैस की सप्लाई में लगातार कटौती से उद्योगों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में उद्योगों को वैकल्पिक ईंधन के रूप में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। ट्रैफिक और जाम की समस्या पर भी प्रतिनिधिमंडल ने डीएम का ध्यान आकर्षित किया। चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल और पूर्व अध्यक्ष और नागरिक सुविधा प्रकोष्ठ के चेयरमैन सीताराम अग्रवाल ने सुझाव दिया कि मथुरा, फिरोजाबाद, एटा, खंदौली, सादाबाद और रामबाग से आने-जाने वाले भारी वाहनों को उत्तरी बाइपास से डायवर्ट किया जाए, जिससे शहर में जाम और प्रदूषण दोनों में कमी आए।
इसके साथ ही आईएसबीटी से शहर के भीतर विभिन्न स्थानों पर रोडवेज बसों के ठहराव को भी जाम का बड़ा कारण बताते हुए फाउंड्री नगर सेटेलाइट बस स्टैंड से करीब 350-400 बसों के संचालन की मांग रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहाकि ऐसा होने पर शहर को जाम और प्रदूषण से राहत मिलेगी, साथ ही रोडवेज के समय और ईंधन की बचत भी होगी। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए ताज संरक्षित क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहाकि उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा। प्रतिनिधिमंडल में मनोज कुमार बंसल (अध्यक्ष), नितेश अग्रवाल (उपाध्यक्ष), अम्बा प्रसाद गर्ग (उपाध्यक्ष), विनय मित्तल (कोषाध्यक्ष), प्रशांत जैन (चेयरमैन, स्थानीय प्रशासन समन्वय प्रकोष्ठ), सीताराम अग्रवाल (पूर्व अध्यक्ष एवं चेयरमैन, नागरिक सुविधा प्रकोष्ठ), चन्द्रवीर सिंह आदि शामिल थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरे