रेल यात्रा का अनुभव साझा कर जीतें पुरस्कार
रेलवे ने शुरू की रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना 2026
यात्रियों की चयनित कहानियों को मिलेगा नकद पुरस्कार
आगरा। ट्रेन सफर के दौरान यात्रियों के अनुभवों के आधार पर रैल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए रेलवे द्वारा रेल वृतांत पुरस्कार योजना 2026 शुरू की है। अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य हिन्दी के प्रयोग को बढावा देना भी है।
इस योजना के तहत प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 8 हजार और तृतीय पुरस्कार 6 हजार निर्धारित है। इसके अलावा पांच प्रतिभागियों को -44 हजार प्रत्येक को प्रेरणा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता में देश का कोई भी नागरिक भाग ले सकता है।
प्रतिभागियों को अपने रेल यात्रा से जुड़े अनुभवों को हिंदी भाषा में मौलिक रूप से प्रस्तुत करना होगा। लेखन की शब्द सीमा न्यूनतम 3 हजार और अधिकतम साढे तीन हजार शब्द निर्धारित की गई है। लेख डबल स्पेस में टंकित होना चाहिए। प्रत्येक पृष्ठ पर चारों ओर कम से कम एक इंच का मार्जिन रखा जाना आवश्यक है। सभी पृष्ठ क्रमांकित होने चाहिए। साथ ही प्रविष्टि के साथ एक पृथक पृष्ठ पर शीर्षक रेल यात्रा वृत्तांत 2026 अंकित करते हुए लेखक द्वारा दिया गया उपशीर्षक, नाम (हिंदी और अंग्रेजी में), पदनाम, आयु, कार्यालय और निवास का पता, मातृभाषा, रेलवे फोन नंबर, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी सहित कुल शब्दों की संख्या स्पष्ट रूप से दर्शानी होगी।
प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां सीधे रेलवे बोर्ड को भी प्रेषित कर सकते हैं। प्रविष्टि भेजने का पता है-सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा संख्या 316 कॉफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली 110002। इस योजना में भाग लेने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। भारतीय रेल सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से इस योजना में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह करती है। आपके अनुभव आपकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करेंगे।
