रेलवे का फैसलाः गर्मियों के तीन महीनों में देश भर में विशेष ट्रेनें लगाएंगी 18262 फेरे
नई दिल्ली। रेलवे गर्मियों के मौसम के दौरान यात्रियों की मांग में संभावित वृद्धि को पूरा करने और सुगम व सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रेनों के 18,262 फेरे चलाएगा। रेलवे की ओर से सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार रेलवे ने देश भर में बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनों के माध्यम से गर्मियों के व्यस्ततम मौसम में यात्रियों के लिए सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
रेलवे ने बताया कि 15 अप्रैल से 15 जुलाई की अवधि के लिए, कुल 908 समर स्पेशल ट्रेनों को मंजूरी दी गई है, जो यात्रा की बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए 18,262 फेरे लगाएंगी। इनमें से 660 ट्रेनों को पहले ही अधिसूचित किया जा चुका है, जो 11,294 फेरे लगाएंगी। रेलवे ने कहाकि यह व्यापक योजना, विशेष रूप से छुट्टियों, त्योहारों और यात्रा के व्यस्ततम महीनों के दौरान मौसमी यात्री भीड़ के प्रबंधन के प्रति भारतीय रेलवे के सक्रिय दृष्टिकोण को दर्शाती है।
जारी सूचना के तहत दक्षिण मध्य रेलवे ने 124 ट्रेनों (1,184 फेरे) की मंजूरी और 76 ट्रेनों (324 फेरे) के साथ अधिसूचना जारी की है। वही, पश्चिम रेलवे ने 106 ट्रेनों (2,078 फेरे) को मंजूरी दी है, जिनमें से 92 ट्रेनों (1,667 फेरों) को अधिसूचित किया जा चुका है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने 76 ट्रेनों (2,245 फेरों) को मंजूरी दी है, जिनमें से 62 ट्रेनों (1,878 फेरे) को अधिसूचित किया जा चुका है। उत्तरी रेलवे ने 76 ट्रेनों (2,090 फेरों) को मंजूरी दी है, जिनमें से 56 ट्रेनों (1,535 फेरे) की सूचना जारी कर दी गयी है।
मध्य रेलवे ने 74 ट्रेनों (3,082 ट्रिप) को मंजूरी दी है, जिनमें से 70 ट्रेनों (2,238 ट्रिप) की सूचना जारी कर दी गई है। दक्षिणी रेलवे ने 72 ट्रेनों (558 फेरे) को मंजूरी दी है, जिनमें से 38 ट्रेनों (133 फेरों) की सूचना जारी की गई है। इसी तरह से पूर्व मध्य रेलवे ने 64 ट्रेनों (2,711 फेरों) को मंजूरी दी है, जिनमें से 38 ट्रेनों (1,060 फेरे) की सूचना जारी कर दी गयी है। उत्तर मध्य रेलवे ने 54 ट्रेनों (1,163 फेरों) को मंजूरी दी है, जिनमें से 46 ट्रेनों (688 फेरों) की सूचना जारी कर दी गई है। पूर्वोत्तर रेलवे ने 52 ट्रेनों (814 फेरों) को मंजूरी दी है, जिनमें से 34 ट्रेनों (477 फेरों) की सूचना जारी कर दी गई है। पूर्वी तट रेलवे ने 28 ट्रेनों (410 फेरों) को मंजूरी दी है, जिनमें से 18 ट्रेनों (88 फेरों) की सूचना जारी कर दी गई है। पश्चिम मध्य रेलवे ने 28 ट्रेनों (408 फेरों) को स्वीकृति दी है, जिनमें से 18 ट्रेनों (192 फेरों) की सूचना जारी कर दी गई है। पूर्वी रेलवे ने 24 ट्रेनों (392 फेरों) को मंजूर किया है, जिनमें से 10 ट्रेनों (276 फेरों) की सूचना जारी कर दी गई है।
रेलवे ने बताया है कि उत्तर सीमांत रेलवे ने 24 ट्रेनों (220 फेरों) को मंजूरी दी है, जिनमें से 20 ट्रेनों (141 फेरों) की सूचना जारी कर दी गई है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने 20 ट्रेनों (276 फेरों) को मंजूरी दी है, जिनमें से 18 ट्रेनों (250 फेरों) की सूचना जारी कर दी गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 10 ट्रेनों (122 फेरों) को मंजूरी दी है, जिनमें से 8 ट्रेनों (70 फेरों) की सूचना जारी कर दी गई है। दक्षिण पश्चिम रेलवे ने 76 ट्रेनों (509 फेरों) को स्वीकृति दी है, जिनमें से 56 ट्रेनों (277 फेरों) की सूचना जारी कर दी गई है।
