फिरोजाबाद में सम्पत्ति विवाद में बुजुर्ग बाप की बेरहमी से हत्या, आरोपी बेटा फरार

0
0a3a521f-cc1e-43c7-ba4f-b561bf078b04

खेत में सोते समय 80 वर्षीय बुजुर्ग की सिर कुचलकर की हत्या,

सुबह खून से सनी लाश देख कांप गए लोग, गांव में फैली सनसनी

फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नगला सुंदर में रविवार रात संपत्ति विवाद में 80 वर्षीय बुजुर्ग सुघर सिंह की बेरहमी से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक के छोटे बेटे पर लगा है। वह घटना के बाद से अपने परिवार सहित फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मूलरूप से नसीरपुर थाना क्षेत्र के बडाईपुर निवासी सुघर सिंह (80) का खेत घर से कुछ ही दूरी पर शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला सुंदर में है। वह रोज की तरह रविवार रात अपने खेत पर बनी कोठरी पर सोए थे। रात में उनकी बेरहमी से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। सोमवार तड़के बड़ा बेटा मलखान सिंह खेत पर बनी कोठरी से भूसा लेने गया तो पिता का लहुलूहान शव देखा। बुजुर्ग की हत्या की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक के बडे बेटे मलखान सिंह ने पिता की हत्या का आरोप सम्पत्ति विवाद को लेकर अपने छोटे भाई जर्मन सिंह निवासी माधौगंज शिकोहाबाद पर लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शक के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने जर्मन सिंह के घर पर दबिश दी तो उसके घर पर ताला लटका मिला और परिवार सहित वह फरार था। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई गई है।

बताया गया कि सुघर सिंह के पास कुल 30 बीघा जमीन थी। उनकी पत्नी की मौत हो चुकी है। जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। सुघर सिंह ने 10-10 बीघा जमीन अपने दोनों बेटों मलखान सिंह और जर्मन सिंह को दे दी थी। जबकि 10 बीघा अपने पास रखी थी। करीब चार साल पहले उन्होंने अपने हिस्से की जमीन में से 2 बीघा बड़े बेटे मलखान के नाम कर दी थी, जिससे छोटा बेटा जर्मन सिंह नाराज चल रहा था। इधर, सुघर सिंह अपने 10 बीघा खेत को बंटाई पर देते थे। उससे होने वाली आय को भी मलखान सिंह को देते थे। बदले में वह मलखान सिंह के पास रहते थे और खाना-पीना भी मलखान सिंह के घर से ही आता था। घटना नसीरपुर और शिकोहाबाद थाने के बॉर्डर पर हुई। इसलिए सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सिरसागंज अनिवेश कुमार, और सीओ शिकोहाबाद के अलावा नसीरपुर इंस्पेक्टर और शिकोहाबाद इंस्पेक्टर अनुज कुमार मौके भी मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव बड़ा बेटा मलखान सिंह अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गया।

एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि मृतक के बड़े बेटे मलखान सिंह ने अपने छोटे भाई जर्मन सिंह पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी जर्मन सिंह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ फरार है और उसके घर पर ताला लटका हुआ है। प्रारंभिक जांच में हत्या का मुख्य कारण जमीन का विवाद ही प्रतीत हो रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

सोते समय किया हमला, आंखे निकल आईं बाहर

सुघर सिंह अपने बड़े बेटे मलखान के पास ही रहते थे, लेकिन रात में सोने के लिए वह नगला सुंदर स्थित अपने खेत पर बनी कोठरी में जाते थे। रविवार रात भी वह कोठरी में चारपाई पर सो रहे थे, तभी हमलावर ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। हमला सिर के बाईं ओर किया गया, जिससे सुघर सिंह की आंखे तक बाहर निकल आईं। शव देख लोगों की रुह कांप गई। परिवार में मातम पसर गया। संपत्ति विवाद की चर्चा गांव में हर किसी की जुबां पर थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *