फतेहाबाद-बाह होकर चली मऊ-प्रतापनगर स्पेशल ट्रेन, सांसद चाहर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सांसद राजकुमार चाहर की मांग पर रेल मंत्री ने किया प्रतापनगर-मऊ स्पेशल ट्रेन के रूट और स्टेशन में बदलाव
अब तक यह ट्रेन आगरा कैंट स्टेशन से टूंडला होकर गुजरती थी, अब फतेहाबाद- बाह होकर चला करेगी
ट्रेन के ठहराव के समय डीआरएम गगन गोयल सहित रेलवे के अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
आगरा। लम्बे इंतजार के बाद आगरा-इटावा रेल खंड पर सोमवार को नई रेल सुविधा की शुरुआत हुई। सोमवार को मऊ-प्रतापनगर समर स्पेशल ट्रेन को फतेहाबाद और बाह रेलवे स्टेशन से सांसद राजकुमार चाहर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई रेल सेवा के शुभारंभ से क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। अभी तक यह ट्रेन आगरा कैंट से टूंडला होते हुए गुजरती थी।

सांसद राजकुमार चाहर ने लोकसभा में मऊ स्पेशल ट्रेन के संचालन की मांग उठाई थी। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने इसका आदेश जारी किया है। इसके तहत वड़ोदरा-मऊ के मध्य चलने वाली समर स्पेशल सुपर फास्ट ट्रेन के स्टेशन और रूट में बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन वड़ोदरा के बदले प्रतापनगर स्टेशन से शुरू होकर टूंडला न जाकर फतेहाबाद-बाह होते हुए चलेगी। सोमवार को सांसद चाहर ने ट्रेन संख्या 09196 मऊ-प्रतापनगर समर स्पेशल ट्रेन को फतेहाबाद और बाह स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि मऊ-प्रतापनगर स्पेशल ट्रेन के रूट और स्टेशन में बदलाव किया गया है। यह ट्रेन फतेहाबाद और बाह स्टेशन में रुकेगी। इससे क्षेत्रीय लोगों को फायदा होगा। इस समर स्पेशल ट्रेन का संचालन 25 जुलाई तक होगा।
इस दौरान डीआरएम गगन गोयल, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा, प्रदीप भाटी, सुग्रीव सिंह चैहान, नितिन वर्मा, शालू जादौन, राहुल सिसोदिया, रंजीत प्रधान, रवि शल्या, आनंद बाबू गुप्ता, योगेश चैहान, अंकित गुप्ता और अजय जादौन सहित कई गणमान्य लोगों के अलावा रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बडी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
