बोधिसत्व शैली पर बन रहा विशाल सम्राट अशोक का महल, शीर्ष पर राष्ट्रीय ध्वज और अशोक स्तंभ होगा

0
9535f9bb-2491-46b6-8a06-524263a275d2

इस बार हाईटेक होगी भीमनगरी, देश-विदेश तक पहुंचेगा बाबा साहेब का सन्देश

ऐतिहासिक भीमनगरी महोत्सव 15 से 17 अप्रैल तक, अंतिम चरण में पहुंची तैयारियां

आगरा। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव पर आगरा में भव्य आयोजन की तैयारी चल रही है। भीमनगरी समारोह आयोजन समिति ग्यासपुरा द्वारा 31वीं भीमनगरी शाहगंज स्थित जीआईसी मैदान पर सजाई जा रही है। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में है। गुरुवार को जीआईसी मैदान पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने तीन दिवसीय भीमनगरी महोत्सव की जानकारी देने के साथ भीमनगरी महल का पोस्टर विमोचन किया।

समिति के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुभाष सागर ने बताया कि 15 से 17 अप्रैल तक तीन दिवसीय भीमनगरी महोत्सव के लिए मंच आकार ले चुका है। आयोजन समिति तैयारियों के लिए दिन-रात जुटे हैं। इस बार बोधित्व शैली पर सम्राट अशोक की कल्पनाओ के महल को सजाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता से आये 80 से अधिक कारीगर महल तैयार कर रहे हैं। महल 125 फीट ऊंचा और 300 फीट चैड़ा है। महल के आगे जमीन से छह फीट ऊंची, 200 फीट लंबी और 70 फीट चैड़ी स्टेज बनाई जा रही है। इसके आगे फुब्बारों की लाइन और पुष्प गमलों होंगे। महल के शीर्ष पर 15 फीट का राष्ट्र ध्वज, अशोक चक्र और महल के ऊपर पंचशील का ध्वज लहराएगा। मंच के सामने महापुरुषों के नाम के आठ ब्लॉक होंगे। ताकि जनता आसानी से बैठ सके।

क्षेत्रीय महामंत्री महेंद्र सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को चक्कीपाट से परंपरागत शोभायात्रा निकलेगी और जीआईसी मैदान पर भीमनगरी के मंच पर बाबा साहेब के जन्मदिन का केक कटा जायेगा। संगीत संध्या भी आयोजित की जाएगी। 15 अप्रैल को भीमनगरी महोत्सव का उद्द्घाटन होगा। 16 अप्रैल को बौद्ध रीति से दहेज रहित सौ जोड़ो का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। 17 अप्रैल को समापन पर प्रबुद्ध वर्ग और मेधावी सम्मान समारोह में लगभग 250 बच्चो का सम्मान और अगली भीमनगरी स्थल की औपचारिक घोषणा होगी।

क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि सौ दूल्हों की बारात भव्य बैण्ड बाजो के साथ तहसील से जीआईसी पहुंचेगी। सौ घोड़ो पर बारात निकाली जाएगी। भीम नगरी मंच से सविधान निर्माता बाबा साहेब का सन्देश 5 किलोमीटर तक शहर की गलियों में सुनाई दे उसके लिए पहली बार बटक साउंड लगाया जा रहा है। ग्यासपुरा और शाहगंज के साथ-साथ करीब छह किलोमीटर तक भव्य विद्युत सजावट की जा रही है। भीमनगरी स्थल के साथ-साथ पूरे शहर को पंचशील व नीले ध्वज से पाटा जा रहा है। संगीत संध्या में गायक अनुज जाटव पियावली व इंडियन आइडल फेम श्रेया वर्मा का कार्यक्रम होगा और प्रख्यात पंजाबी लोकगायिका गिन्नी माही का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

इन्हे दिया निमंत्रण

भीमनगरी के उद्घाटन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बसपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता विपक्ष राहुल गांधी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को आमंत्रित किया गया है।

पहली बार सोशल मीडिया पर दिखेंगी भीमनगरी

राहुल सागर ने बताया कि आगरा की ऐतिहासिक भीमनगरी एक क्यूआर कोड के माध्यम से फेसबुक और इंस्टाग्राम प्लेटफार्म पर भीमनगरी की समस्त गतिविधि को घर बैठे मोबाइल के माध्यम से देखा जा सकेगा। इस अवसर पर संरक्षक प्रताप सिंह सिट्टू, राजाबाबू बौद्ध, रवि शंकर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय राना, सिन्धी जनवेजा, वीर प्रकाश बंटी, सुमित कुमार, देवेन्द्र पिप्पल, राजेंद्र पिप्पल, अवधेश कुमार, दीपक कुमार, दिनेश कुमार, सुबोध मानव, टीटू कुमार, नवल किशोर, अरुण, आर्यन, बॉबी, सौरभ आदि मौजूद रहे।

शोभायात्रा में निकलेंगी सौ से अधिक झांकियां

केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने बताया कि डॉ. अंबेडकर जयंती शोभायात्रा में शहर के कोने-कोने से सौ से अधिक सामाजिक संदेश देती हुई झांकियां निकाली जायेंगी। शोभायात्रा के दौरान प्रशासन ने सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था का आश्वासन दिया है। महामंत्री श्याम जरारी ने बताया कि अब तक 30 भीमनगरी लगी हैं उनमे ये भीमनगरी ऐतिहासिक होगी। अब तक पूरे भारत में महापुरुषों की जयंती मनायी जाती है, ये आगरा की भीम नगरी पूरे भारत वर्ष में हाईटेक भीमनगरी होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *