समझौता नहीं किया तो ईरान को पाषाण युग में पहुंचा देंगेः ट्रम्प

0
914993e6-082c-408a-b147-f6790ed66dd2

राष्ट्र के नाम सम्बोधन में ट्रम्प बोले, ईरान पर जीत हासिल की, हमारे कंट्रोल में है उनकी सेना

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार सुबह राष्ट्र के नाम संबोधन में दावा किया कि अमेरिका को ईरान जंग में जीत मिली है। साथ ही चेतावनी दी कि अमेरिका 2-3 हफ्ते में ईरान पर बड़ा हमला करेगा।

ट्रम्प ने आगे कहाकि ईरान की मिसाइल-ड्रोन क्षमता और नौसेना खत्म हो गई है। सैन्य ताकत काफी कमजोर हो गई है। इस सैन्य अभियान का अहम मकसद पूरा होने वाला है। ट्रम्प ने चेतावनी दी कि अगर समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका, ईरान को स्टोन एज, यानी पाषाण काल में भेज देगा। हालांकि उन्होंने यह दावा भी किया कि ईरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है और नई लीडरशिप पहले से कम कट्टर है।

ट्रम्प ने अपने 19 मिनट के भाषण में कोई नया ऐलान नहीं किया। वही बातें दुहराईं जो पिछले कुछ समय से कहते रहे हैं। उन्होंने युद्ध की लागत और इसके लंबा खिंचने से चिंतित अमेरिकियों से कहाकि वे इस संघर्ष को सही नजरिए से देखें। उन्होंने इराक (8 साल) और वियतनाम (19 साल) जैसे पिछले अमेरिकी युद्धों का जिक्र करते हुए कहाकि ईरान जंग तो अभी दूसरे महीने में ही पहुंची है।

उन्होंने माना कि लोगों को आर्थिक परेशानी हो रही है, लेकिन यह युद्ध जरूरी है। उन्होंने कहाकि यह आपके बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य में निवेश है। ट्रम्प ने ईरान से युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत की मांग की। जबकि एक दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि उन्हें समझौते की जरूरत नहीं है। उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट संकट को लेकर कहाकि इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी दूसरे देशों को लेनी चाहिए। हालांकि, एक दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि होर्मुज खोले बिना कोई समझौता नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *