आगरा के वरिष्ठ कांग्रेसी और पूर्व विधायक वीरेंद्र सोन निधन
रविवार दोपहर को अपने निज आवास पर ली अंतिम सांस
वीरेन्द्र सोन के निधन से राजनीतिक जगत में छाया शोक
आगरा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और आगरा पश्चिम (सुरक्षित) सीट से विधायक रह चुके 85 वर्षीय वीरेंद्र सोन का रविवार दोपहर को निधन हो गया। उन्होंने अपने पैतृक आवास नगला छउआ में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
वीरेंद्र सोन ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से की थी और आजीवन उसी विचारधारा के प्रति समर्पित रहे। वर्ष 1984 में कांग्रेस ने उन्हें आगरा पश्चिम (सुरक्षित) विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया। जहां से वे विजयी होकर पहली बार विधायक बने। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय विकास और जनसेवा को प्राथमिकता दी।
मृदुभाषी और सरल स्वभाव के धनी वीरेंद्र सोन की छवि एक साफ-सुथरे और सिद्धांतवादी नेता की रही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच वे बेहद लोकप्रिय थे और संगठन में उनका विशेष सम्मान था। उनके व्यवहार और कार्यशैली ने उन्हें जन नेता बना दिया था।
पूर्व पार्षद सुनील जैन ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वे रविवार दोपहर लगभग पौने तीन बजे उनके आवास पर पहुंचे थे, जहां उनके पौत्र ने बताया कि वे विश्राम कर रहे हैं, इसलिए वे लौट आए। इसके महज आधे घंटे बाद ही उनके निधन की सूचना मिली, जिससे वे स्तब्ध रह गए।
