जदयू छोड रालोद में शामिल हुए केसी त्यागी, दिल्ली में जयंत चैधरी ने दिलाई सदस्यता
नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अनुभवी चेहरों में शुमार केसी त्यागी ने अपनी नई राजनीतिक पारी का आधिकारिक शंखनाद कर दिया है। जदयू से इस्तीफा देने के ठीक पांच दिन बाद, रविवार को उन्होंने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चैधरी ने केसी त्यागी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी का पटका पहनाया।
17 मार्च को जदयू से नाता तोड़ने के बाद से ही त्यागी के अगले कदम को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज थीं, जिस पर अब विराम लग गया है। जयंत चैधरी के नेतृत्व वाली आरएलडी पार्टी में शामिल होने पर केसी त्यागी ने कहा, जदयू और रालोद में कोई अंतर नहीं है। इनके आदर्श चैधरी चरण सिंह, कर्पूरी ठाकुर और राम मनोहर लोहिया हैं।
केसी त्यागी का जदयू के साथ करीब दो दशक पुराना साथ रहा है। साल 2003 में जब समता पार्टी और जनता दल के विलय से जदयू का गठन हुआ था, तब से ही त्यागी पार्टी के स्तंभ माने जाते थे। उन्होंने संगठन के भीतर मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक सलाहकार जैसे कई अति- महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। हालांकि, साल 2024 में उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए मुख्य प्रवक्ता के पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन अब पूरी तरह से पार्टी को अलविदा कहकर उन्होंने आरएलडी के साथ चलने का फैसला किया है।
