वृंदावन के इस्काॅन मंदिर पहुंचीं राष्ट्रपति, प्रेम मंदिर में भी करेंगी दर्शन
तीन दिवसीय दौरे पर शाम 5 बजे मथुरा पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
सैन्य क्षेत्र में बने हेलीपेड से कार द्वारा पहुंची वृंदावन, किए दर्शन
मथुरा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार शाम पांच बजे मथुरा पहुंचीं। सैन्य क्षेत्र में बने हेलीपेड पर उनका हेलीकॉप्टर उतरा। यहां से वह कार से वृंदावन पहुंची और इस्कॉन मंदिर में दर्शन किए। यहां पूजा-अर्चना के बाद महामहिम प्रेम मंदिर भी जाएंगी।
हेलीपेड पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत मंत्री व सांसद ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री चैधरी लक्ष्मीनारायण, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल और राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने बुके भेंट कर राष्ट्रपति की अगवानी की। इसके बाद राष्ट्रपति का काफिला वृंदावन के लिए रवाना हो गया।
राष्ट्रपति 21 मार्च तक ब्रज में प्रवास करेंगी। दो दिन वृंदावन में मंदिरों के दर्शन करेंगी। वह संत प्रेमानंद से आध्यात्मिक चर्चा करेंगी। 20 मार्च को वह वृंदावन के उड़िया बाबा आश्रम, नीव करौरी बाबा आश्रम, रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, वात्सल्य ग्राम जाएंगी। रामकृष्ण मिशन चेरिटेबिल अस्पताल में कैंसर यूनिट का उद्घाटन करेंगी। 21 मार्च की सुबह आठ बजे गोवर्धन प्रस्थान करेंगी। सुबह 9 बजे दानघाटी मंदिर में पूजा अर्चना करेंगी। इसके बाद गोल्फ कार्ट से परिक्रमा लगाएंगी।
