अमेरिका-ईरान जंग का असरः 10-12 रुपए तक महंगे हो सकते हैं पेट्रोल-डीजल
सोना 30 हजार बढ़कर 1.90 लाख तक जा सकता है, शेयर बाजार पर भी पडेगा असर
नई दिल्ली। अमेरिका और इजराइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। अगर ये जंग लंबी चली और तेल मार्ग होर्मुज स्ट्रेट बंद हुआ तो कच्चे तेल के दाम बढ़ सकते हैं। इसका असर भारत में तेल, शेयर बाजार और सोना-चांदी पर दिख सकता है।
पेट्रोल-डीजलः दिल्ली में पेट्रोल 95 रुपये लीटर से बढ़कर 105 तक पहुंच सकता है। वहीं डीजल 88 से बढ़कर 96 रुपये तक जा सकता है। इसकी वजह ये है कि भारत अपनी जरूरत का 90 प्रतिशत तेल आयात करता है। इसमें से करीब 50 प्रतिशत क्रूड होर्मुज के रास्ते आता है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर ईरान इस रास्ते को ब्लॉक करता है, तो इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की सप्लाई घट जाएगी और कीमतें 100 से 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं। फिलहाल ब्रेंट क्रूड 70 डॉलर प्रति बैरल के आस-पास ट्रेड कर रहा हैं। इसके अलावा सोने-चांदी की कीमतें और शेयर मार्केट पर भी इसका असर पडेगा।
