महाराष्ट्र के नागपुर में बारूद कंपनी में विस्फोट, 17 की मौत
हादसे में 18 लोग गंभीर रूप से घायल
मटेरियल बनाते वक्त हुआ तेज धमाका
नागपुर। महाराष्ट्र में नागपुर जिले के राउलगांव स्थित गोला-बारूद निर्माण कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड में रविवार सुबह हुए धमाके में 17 कर्मचारियों की मौत हो गई। जबकि करीब डेढ दर्जन घायल हो गए। घायलों में से कई की हालत गंभीर है। पीएम मोदी ने घटना पर शोक जताया, साथ ही मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची। फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि ब्लास्ट से कंपनी में चारों तरफ मलबा फैल गया है। मलबे में दबे कुछ कर्मचारियों को निकाला गया है। 15 घायलों को नागपुर के अस्पताल ले जाया गया है। हतहतों में ज्यादातर महिलाएं हैं। पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटिल ने बताया कि बचाव ऑपरेशन जारी है और विशेषज्ञ मौके पर हैं। इस घटना में कुल कितने लोग मारे गये हैं उनकी सही संख्या अभी की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के तहत जांच शुरू कर दी गई है। धमाके के बाद फैक्ट्री में धमाके के बाद आग लग गई। आग की लपटें फैक्ट्री की बाउंड्री वॉल तक पहुंच गई थीं।
क्या डेटोनेटर तैयार करते समय हुआ विस्फोट
नागपुर के कलमेश्वर में स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड (पूर्व में स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड) औद्योगिक विस्फोटकों की एक प्रमुख निर्माता कंपनी है। यह कंपनी खनन परियोजनाओं के लिए विस्फोटक, डेटोनेटर जैसे विस्फोटक बनाती है। रविवार सुबह कर्मचारियों ने काम शुरू ही किया था, तभी प्लांट में डेटोनेटर बनाने की प्रोसेस के दौरान एक तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे के दौरान कंपनी में 30 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे।

