महाशिवारात्रि पर ताजमहल पर गोमूत्र चढ़ाने की जिद पर अडे हिंदूवादी नेता को पुलिस ने खदेड़ा, खींचते हुए थाने ले गई
आगरा। महाशिव रात्रि पर रविवार को ताजमहल पर गोमूत्र चढ़ाने की जिद पर अडे हिंदूवादी नेता को पुलिस ने खदेड़ दिया। कलश में गोमूत्र लेकर पहुंचे हिन्दू वादी नेता की काफी देर तक पुलिस से नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस उन्हें धकियाते हुए थाने ले गई।
अखिल भारतीय हिंदू महासभा के मंडल महामंत्री नीतेश भारद्वाज रविवार को महाशिव रात्रि पर गोमूत्र चढ़ाने के लिए पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत ताजमहल के पश्चिमी गेट बैरियर पर पहुंचे। उनके साथ दो-तीन लोग और थे। वहां मौजूद पुलिस को देखकर वह लोग तो इधर-उधर हो गए, लेकिन नीतेश भारद्वाज कलश में गोमूत्र लेकर बैरियर से आगे बढ़ने लगे। इस पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
पीले वस्त्र धारण किए नीतेश ने सिर पर केसरिया साफा बांध रखा था और हाथ में कलश लिए हुए थे। पुलिस ने उन्हें बैरियर पर ही रोक दिया। इस दौरान उनकी पुलिस से काफी नोकझोंक हुई। ये नजारा देखकर टूरिस्ट भी रुक गए। बाद में पुलिस हिंदूवादी नेता को खदेड़ दिया। उन्हें धक्का देकर खींचते हुए ताजगंज थाने पर ले लाया गया। हिंदूवादी नेता नीतेश का कहना था कि वे गोमूत्र से ताजमहल को शुद्ध करने आए थे। उन्होंने कहाकि गोमांस खाने वालों के लिए ताजमहल पर उर्स के दौरान तीन दिन का प्रोग्राम होता है और हमें वहां एक दिन जाने की इजाजत नहीं दी जा रही। पुलिस हमें पकड़कर ले जा रही है।


