आगरा में चैकी इंचार्ज के घर के ताले तोड 40 लाख का माल किया पार
पत्नी मायके में, दरोगा ड्यूटी पर थे, मकान मालिक को बेहोश कर चोर लाखों के गहने और नकदी ले गए
ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात ने पुलिस महकमे में मचा हडकम्प, पुलिस चोर की तलाश में जुटी
आगरा। ट्रांस यमुना कालोनी डी ब्लाॅक फेस-2 में किराए के मकान में रह रहे एक दरोगा के घर में चोरों ने लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। मकान में ताला तोड़कर घुसे चोर करीब 40 लाख रुपए के गहने और नकदी समेटकर ले गए।
सीसीवीटी फुटेज में नकाबपोश चोर कैद हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मूलरूप से बरहन के बुर्ज अतिवल निवासी राजेश त्यागी का ट्रांसयमुना डी ब्लाॅक फेस द्वितीय में मकान है। वह अपने बेटे सूरज के परिवार के साथ रहते हैं। मकान की दूसरी मंजिल पर थाना छत्ता की डिविजन चैकी इंचार्ज दरोगा रॉबिन सिंह परिवार सहित किराए पर रह रहे हैं। इससे पहले वह थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में भी तैनात रह चुके हैं। दरोगा रॉबिन सिंह की शादी दस महीने पहले हुई थी। एक माह पहले उनकी पत्नी काजल ने बेटे को जन्म दिया है। फिलहाल पत्नी मायके में है।
मकान मालिक के बेटे सूरज के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दरोगा रॉबिन सिंह ड्यूटी पर गए थे। रात्रि शिफ्ट भी लग जाने की वजह से वह वापस नहीं आए। घर में ताला लगा हुआ था, जिसकी एक चाबी रॉबिन सिंह और दूसरी सूरज के पास रहती है। रविवार तड़के नकाबपोश चोर ने सरिये से मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। इसके बाद सूरज को नशीला पदार्थ का सूंघा कर अचेत कर दिया। इसके बाद इत्मिनान से नकदी-जेवर कब्जे में कर चोर निकल गए। सुबह उठकर देखा कि घर के ताले टूटे हुए पड़े हैं। उन्होंने सुबह सात बजे रॉबिन को अवगत कराया। दरोगा के घर चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर इलाका पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
चोर पहली मंजिल पर जाकर दारोगा के घर का ताला तोड़ा और अलमारी से 100 ग्राम से अधिक वजन के सोने के आभूषण और दो किलो से अधिक चांदी के जेवरात के अलावा 20 हजार रुपये नकद भी ले गया। पीड़ित के अनुसार चोर 40 लाख रुपये का सामान ले गए हैं। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि चोरी के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
सीसीटीवी में दिखा एक चोर
गली में लगे सीसीटीवी में रात करीब पौने तीन बजे एक चोर आता दिखाई दे रहा है। वो दरवाजे का ताला तोड़ते दिख रहा है। पुलिस सीसीटीवी की मदद से चोर की पहचान करने में जुटी है।


