लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश, 118 सांसदों के दस्तखत
2 बार स्थगन के बाद लोकसभा में बजट पर चर्चा शुरू
नई दिल्ली। विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश कर दिया। इसमें 118 सांसदों के हस्ताक्षर हैं। बजट सत्र के 10 वें दिन मंगलवार को लोकसभा में प्रश्नकाल में कार्यवाही नहीं हो सकी। पूर्वान्ह 11 बजे सदन शुरू होते ही विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। महज 1 मिनट बाद चेयर पर मौजूद पीसी मोहन ने 12 बजे तक के लिए सदन स्थगित कर दिया।
दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। इस बीच भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। सांसद वी वॉन्ट जस्टिस के नारे लगाते रहे। इसके बाद सदन 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। हंगामे के बीच संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी सांसदों से हाथ जोड़कर कहाकि बजट पर चर्चा होने दें। इससे हम सबका नुकसान हो रहा है। आप रोज आकर हंगामा करते हैं। ऐसे में काम नहीं हो पा रहा।
दोपहर 2 बजे कार्यवाही शुरू हुई। स्पीकर की चेयर पर ओम बिरला की जगह केपी तेनेट्टी आए। उन्होंने विपक्ष से शशि थरूर को आम बजट पर चर्चा शुरू करने के लिए कहा। इससे पहले लोकसभा के बाहर बुक कॉन्ट्रोवर्सी पर राहुल गांधी ने कहाकि या तो पूर्व आर्मी चीफ जनरल नरवणे झूठ बोल रहे हैं या फिर पेंगुइन। राहुल ने कहाकि मुझे विश्वास है कि नरवणे झूठ नहीं बोलेंगे।
पेंगुइन बोली- कोई भी हिस्सा पब्लिक नहीं किया
राहुल का यह बयान पब्लिशिंग कंपनी पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया के उस क्लैरिफिकेशन के बाद आया, जिसमें कहा गया कि नरवणे की किताब अभी तक पब्लिश नहीं हुई है। पब्लिशिंग के सभी राइट्स हमारे पास हैं। पेंगुइन कंपनी ने कहाकि अब तक किताब की न तो कोई छपी हुई और न ही डिजिटल कॉपी सामने आई है। हमारी तरफ से किताब का कोई भी हिस्सा कहीं भी सार्वजनिक नहीं किया गया है। कंपनी की सफाई इसलिए आई, क्योंकि बुक की अनअथॉराइज्ड कॉपियों के लीक और ऑनलाइन सर्कुलेशन का दावा है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की है। दरअसल, राहुल गांधी पूर्व आर्मी चीफ की किताब लेकर लोकसभा पहुंचे थे। पूरा विपक्ष इस बात पर अड़ा है कि उन्हें सदन में बोलने दिया जाए।

