आगरा में बड़े ने की छोटे भाई की बेरहमी से हत्या
नशे में भाई से विवाद से दिया वारदात को अंजाम
घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य थे बाहर
लौटकर आने पर हुई जानकारी, मचा कोहराम
आगरा। हरीपर्वत क्षेत्र के नगला छिद्दा में बड़े भाई ने छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। अगले दिन परिजनों के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया।
थाना हरीपर्वत क्षेत्र के लंगड़े की चैकी स्थित नगला छिद्दा में 20 वर्षीय अजय परिवार के साथ रहता था। तीन भाइयों में अजय दूसरे नंबर का था। रविवार को परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में गए हुए थे। घर पर तीनों भाई थे। बड़ा भाई 26 वर्षीय पवन नशे का आदी है। रविवार रात नशे में धुत्त पवन का अपने भाई अजय से विवाद हो गया। इस पर पवन ने पत्थर से अजय पर हमला बोल दिया और बेरहमी से पत्थर मार-मारकर छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना के बारे में किसी को जानकारी नहीं दी। सोमवार को जब परिजन शादी समारोह से लौटे तो घर के अंदर का नजारा देख चीख निकल गई। अजय का खून से लथपथ शव पड़ा था। आंखें बाहर निकली हुईं थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्यारे बड़े भाई को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है।

