हाथरस में आरएसएस के जिला प्रचारक पर हमला, गंभीर घायल, पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार, अन्य की तलाश

0
aaraesaesa-jal-paracaraka-jaya-kashara-gaugdha-ma-taugdha-faugdha_28e2aef9fa8b05f30f0044b6679cdde0

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के जिला प्रचारक पर रविवार सुबह हमला बोल दिया गया। पुलिस के अनुसार आरएसएस के घायल जिला प्रचारक जयकिशोर को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें आगरा रेफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीन अन्य की तलाश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हमला उस वक्त किया गया जब आरएसएस प्रचारक जयकिशोर नवल नगर स्थित अपने कार्यालय जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार नवल नगर में पहुंची, सामने से स्कूटी सवार दो युवक आ गए। वाहन आगे-पीछे करने को लेकर पहले विवाद हुआ, फिर अचानक युवकों ने उन पर हमला कर दिया। विवाद की सूचना पर युवकों के अन्य साथी भी पहुंच गए। जिला प्रचारक की कार में तोड़फोड़ करते हुए उन्हें नीचे उतार लिया गया और लात घूसों से पीटा गया। वारदात की जानकारी पर संगठन के कार्यकर्ता और पुलिस मौके पर पहुंची। विधायक सदर अंजुला माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह सहित पार्टी और आरएसएस के तमाम पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कहाकि आरएसएस प्रचारक के साथ मारपीट की इस घटना में पांच स्थानीय लोग शामिल रहे, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि तीन अन्य की तलाश की जा रही है। एसपी ने कहाकि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। इस घटना से भाजपा और आरएसएस संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *