ठाकुरजी को उनका स्थान दिलाने को आगे बढ़ता रहेगा मेरा हर कदमः देवकी नंदन ठाकुर
आगरा में हिन्दू सम्मेलन में जमकर गरजे कथावाचक देवकी नंदन
कहा मथुरा-काशी हमें दे दो, हम तुम्हें दही बूरा खिलाएंगे
आगरा। कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर ने गुरुवार को आगरा के जीआईसी मैदान पंचकुइयां में विराट हिंदू सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए जहां मथुरा और काशी मुद्दा उठाया। वहीं प्रयागराज में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ हुई घटना पर भी अपनी बात रखी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित किए जा रहे हिंदू सम्मेलनों की कडी में गुरुवार को जीआईसी मैदान पर आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में कथावाचक ने समुदाय विशेष पर जमकर निशाना साधा। देवकीनंदन ठाकुर ने कहाकि आगरा की पहचान ताजमहल से क्यों होनी चाहिए? क्या यहां यमुना नहीं हैं, यहां मंदिर नहीं हैं, क्या यहां अकेला ताजमहल ही है, जिसके लिए आगरा को फेमस कर दिया। हम क्या किसी की कब्र देखने जाएंगे। . जिसे शौक हो, वह जाए कब्रों को देखने। हम ताजमहल से पहले कृष्ण जन्मभूमि को देखना चाहते हैं। हमें वहां कृष्ण जन्म की पवित्र पावन भूमि पर ठाकुरजी का मंदिर चाहिए।
उन्होंने कहाकि लोग कहेंगे कि देवकी नंदन ठाकुर हिंदू-मुस्लिम कर रहा है, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर रहा। मैं सौगंध खाता हूं, मथुरा और काशी हमें दे दो, हम तुम्हें दही और बुरा खिलाएंगे। हमारे ठेठ ब्रज हैं इसलिए हमारे यहां दही-बूरे के बिना अच्छी दावत नहीं मानी जाती। तुम हमें कृष्ण जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ दे दो हम वादा करते तुम्हें दही और बुरे की दावत देंगे। दो कदम हम चलते हैं, दो कदम तुम चलो, आओ मिलकर निभाएं भाईचारा, लेकिन ऐसा होगा नहीं।
अयोध्या में भी मंदिर तोड़ देंगे, काशी में भी मंदिर तोड़ देंगे और मथुरा में भी मंदिर तोड़ देंगे, ऊपर से आशा करोगे कि हम तुम्हारे साथ भाईचारा निभाएं और तुम हमें चारा समझकर खा जाओ, ये बहुत हो चुका, अब नहीं हो सकता। बहुत सह लिया, अब न सहेंगे, हिंदू हक लेकर रहेंगे। ठाकुरजी को उनका स्थान दिलाने के लिए मेरा कदम आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने कहाकि इसी आगरा की जामा मस्जिद की सीढ़ियों में केशवदेव की मूर्ति को दबा दिया गया है। आप ही बताइये, क्या हम अपमान सहते रहे या फिर अपने ठाकुरजी को सम्मान के साथ जामा मस्जिद की सीढ़ी के नीचे से केशवदेव की मूर्ति निकालकर मथुरा में सही जगह पर स्थापित करें और अयोध्या की तरह भव्य और दिव्य मंदिर बनवाएं।
हिन्दुओं की जनसंख्या बढ़ाने पर जोर
देवकीनंदन ने हिंदुओं से जनसंख्या बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल पहलगाम आतंकी हमले में शहीद शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी की ओर इशारा करते हुए कहाकि ये बहन विधवा नहीं होती, अगर कश्मीर में हिंदुओं की संख्या ज्यादा होती। सोचिए, अगर वहां 4 लाख हिंदू होते और 4 हजार मुस्लिम होते तो क्या वे लोग धर्म पूछकर गोली चलाते।


