डिप्टी सीएम केशव मौर्य की अपील, पूजनीय शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद धरना समाप्त करें और बढिया से स्नान करें
प्रयागराज। माघ मेला के दौरान मौनी अमावस्या पर संगम स्नान को लेकर ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और प्रशासन के बीच चल रही खींचतान के बीच अब यह मामला नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। एक ओर प्रशासन ने शंकराचार्य को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब तलब किया है। वहीं प्रदेश उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान ने पूरे विवाद को शांत करने की कोशिश की है।
दरअसल मौनी अमावस्या के दिन पालकी पर सवार होकर संगम स्नान के लिए जाने को लेकर प्रशासन और शंकराचार्य के बीच मतभेद सामने आए थे। प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया गया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ने लगा। इस पूरे प्रकरण पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहाकि पूज्य शंकराचार्य जी के चरणों में प्रणाम है। वह बढ़िया स्नान करें। उनसे प्रार्थना है कि इस विषय का समापन करें। डिप्टी सीएम के इस बयान को प्रशासनिक सख्ती और धार्मिक मर्यादा के बीच संतुलन बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अब निगाहें शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के जवाब और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
