शाहजहां के उर्स पर ताजमहल का मुफ्त में करें तीन दिन दीदार
15 से 17 जनवरी तक मिलेगा निःशुल्क प्रवेश
आगरा। मुगल सम्राट शाहजहां के 371वें उर्स के अवसर पर 15 से 17 जनवरी तक ताजमहल आम लोगों के लिए निःशुल्क रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान आगुंतक शाहजहां और मुमताज महल की कब्र भी देख सकेंगे।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों ने बताया कि 15 से 17 जनवरी तक ताजमहल में शाहजहां का उर्स मनाया जाएगा। साल में इन तीन दिनों के दौरान आगुंतक शाहजहां और मुमताज महल की कब्र देख सकेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक निःशुल्क प्रवेश की अनुमति 15 और 16 जनवरी को दोपहर दो बजे से सूर्यास्त तक होगी। जबकि 17 जनवरी को लोगों को सूर्योदय से सूर्यास्त तक ताजमहल में निःशुल्क प्रवेश की अनुमति मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आदेश जारी किया जा चुका है। ताजमहल प्रत्येक शुक्रवार को आगंतुकों के लिए बंद रहता है।
