आगरा कैंट स्टेशन पर बिछड़े बच्चों को रेलवे स्टाफ ने परिजनों से मिलवाया

0
6a8500eb-b92f-4817-a456-b77248f98485

आगरा। रेलवे स्टेशन पर बिछडे दो मासूम बच्चों को रेल कर्मियों ने उनके मां-बाप से मिलवाया। रविवार को सुबह 10 बजे आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक के ब्रिज के पास एक यात्री द्वारा दो मासूम बच्चों 2 वर्षीय सूर्यांश और छह वर्षीय शांति अपने माता-पिता से बिछड़ गए। दोनों बच्चों को उप स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य कार्यालय आगरा में ऑन ड्यूटी स्टाफ रवि कुमार (डिप्टी एसएस) के पास लाया गया।

ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसएस रवि कुमार को यात्री द्वारा सूचित किया गया कि दोनों बच्चे अपने माता-पिता से बिछड़ गए हैं। बच्चे काफी भयभीत हैं। इस पर रवि कुमार द्वारा तत्काल रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) आगरा और चाइल्ड केयर लाइन आगरा को सूचना दी गई। बच्चों से पूछताछ करने पर पता चला कि उनके पिता का नाम पिंटू और चाचा का नाम सुमित है। वे लोना, जनपद हरदोई (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं। बच्चे किसी ट्रेन से उतरने के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ गए थे।

डिप्टी एसएस द्वारा पूछताछ कार्यालय से बच्चों के पिता के नाम से तुरंत उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) करवाई गई। अनाउंसमेंट सुनकर बच्चों के माता-पिता, जो स्टेशन परिसर में बच्चों की तलाश कर रहे थे, डिप्टी एसएस कार्यालय पहुंचे। आवश्यक पहचान की पुष्टि के उपरांत दोनों बच्चों को रेल सुरक्षा बल को सुपुर्द किया गया, जिन्होंने नियमानुसार बच्चों को सुरक्षित उनके माता-पिता को सौंप दिया। रेलवे स्टाफ, आरपीएफ और चाइल्ड केयर लाइन की तत्परता और समन्वय से दोनों बच्चों को सुरक्षित रूप से उनके परिजनों से मिलाया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *