आपरेशन यात्री सुरक्षा अभियान में आरपीएफ ने 98 अपराधी पकडे, 72 लाख से अधिक का माल बरामद
अप्रैल से दिसम्बर 2025 तक आगरा मंडल में ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ की बड़ी सफलता
आगरा। यात्री सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आगरा रेल मंडल में आरपीएफ द्वारा पिछले साल अप्रैल से दिसम्बर के बीच ट्रेनों में वारदात करने वाले 98 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से रेलवे सुरक्षाबल ने 72 लाख से अधिक का माल बरामद किया।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आगरा पी. राज मोहन अगुवाई में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा निरंतर सतर्कता और सजगता के साथ ऑपरेशन यात्री सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आरपीएफ की टीमों ने रेल परिसरों, प्लेटफॉर्मों, यात्री ट्रेनों और कोचों में सघन गश्त और निगरानी की। इसके चलते अप्रैल से दिसम्बर माह 2025 तक आरपीएफ ने यात्रियों का सामान चोरी करने, झपटमारी और आसामाजिक गतिविधियों में लिप्त 98 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से रेलवे सुरक्षाबल ने यात्रियों की चोरी और खोई सम्पत्तियां बरामद की गईं। जिनकी अनुमानित कीमत 72,07,998 रुपये आंकी गई है।
रेलवे सुरक्षा बल का यह अभियान यात्रियों की संपत्ति की सुरक्षा और रेल परिसरों में अपराधमुक्त वातावरण बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान के तहत न केवल अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, बल्कि रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी निगरानी और त्वरित कार्रवाई दलों की भी तैनाती की जा रही है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान वे अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें। आरपीएफ द्वारा यात्रियों की सहायता के लिए समय-समय पर जनजागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा अभियान रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल मिलकर यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मुहैया कराने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं।
