एसआईआर लागू होने से घुसपैठियों में मची भगदड़ः ब्रजेश पाठक
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, बिहार ने नकारा जंगलराज
फिरोजाबाद। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने एसआईआर का समर्थन करते हुए कहाकि इसके लागू होने के बाद घुसपैठियों में भगदड़ मच गई है। वे तेजी से देश छोड़कर भाग रहे हैं। संकल्प लिया कि एक-एक घुसपैठिए को प्रदेश और देश से भगाकर इसे आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक वृहस्पतिवार को बाबा नींब करोरी महाराज की जन्म स्थली अकबरपुर में काफी टेबल बुक का विमोचन करने पहुंचे थे। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने बिहार चुनाव के संदर्भ में विपक्ष के आरोपों का खंडन करते हुए कहाकि एसआईआर लागू होने के बाद बिहार में एक भी ऐसा मतदाता नहीं मिला जिसने यह कहा हो कि उसका वोट कट गया है। बिहार की जनता ने जंगलराज को हमेशा के लिए नकारा है। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण कारी नीतियों और मुख्यमंत्री नीतीश के सुशासन का साथ देकर सरकार बनाई है।
डिप्टी सीएम ने आगामी चुनावों को लेकर भाजपा के लक्ष्यों को स्पष्ट किया। कहा कि पिछले चुनाव में मामूली मत प्रतिशत के अंतर से बिहार में पीछे रह गए थे, लेकिन इस बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएंगे। उत्तर प्रदेश में 2017 का इतिहास 2027 में दोहराया जाएगा और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का काम किया जाएगा।
बीएलओ की मौत पर कार्रवाई का आश्वासन
बृजेश पाठक ने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की मौत के मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहाकि जो दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, रामनरेश कटारा, सुनील गुप्ता, विजय प्रताप सिंह छोटू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
