बिहार में डबल इंजन की नहीं सिंगल इंजन की सरकार हैः प्रियंका
बेगूसराय में कांग्रेस प्रियंका गांधी ने केन्द्र सरकार पर साधा निशाना
पटना। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने बिहार के बेगूसराय से जनता को सम्बोधित किया। उन्होंने कहाकि यह डबल इंजन की सरकार नहीं है, ये सिंगल इंजन की सरकार है। सब कुछ केंद्र से चलता है। नीतीश कुमार का कोई आदर नहीं है, उनकी कोई सुनवाई नहीं है।
प्रियंका ने बिहार की धरती को बहुत खूबसूरत और पवित्र बताया और कहाकि इसी धरती से महात्मा गांधी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन शुरू किया। ये राजा जनक की तपो भूमि है, माता मंगला देवी, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर, बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की धरती है। इस धरती को मेरा नमन है।
कांग्रेस महासचिव ने कहाकि बिहार की धरती ने देश को बहुत कुछ दिया है। इस धरती ने देश को आजादी दी, तरक्की दी, बड़े-बड़े नेता, बड़े अधिकारी, महान लेखक और कवि दिए, लेकिन आज बिहार की दशा देखकर हर देशवासी के मन में सवाल आता है कि इतनी महान धरती का विकास क्यों नहीं हो रहा है?
