सत्ता के अहंकार में जनता की रोजी रोटी छीन रही भाजपाः अखिलेश
कहा, भाजपा की जनविरोधी नीतियां ही बनी उसके पतन का कारण बनेंगी
लखनऊ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहाकि भाजपा की जनविरोधी नीतियां ही उसके पतन का कारण बन गई हैं। कहाकि भाजपा सत्ता के अहंकार में जनता की रोजी.रोटी छीनने का काम कर रही है। हर वर्ग को शोष ण व अपमान का सामना करना पड़ रहा है। अखिलेश यादव ने कहाकि भाजपा अब उन लोगों को भी नहीं छोड़ रही जिन्होंने कभी उसे वोट दिया था। भाजपाई जनता को दुख देकर सुखी होते हैं। भाजपा से जुड़े लोग भी अब अपने अपमान और शोषण की आवाज उठा रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा ने किसानों से झूठे वादे किए और उन्हें कभी पूरा नहीं किया। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा छलावा साबित हुआ। किसान हर सीजन में डीएपी और यूरिया के लिए परेशान रहता है। जबकि सरकार फसलों की एमएसपी भी दिलाने में विफल रही है। उन्होंने कहाकि भाजपा सरकार किसानों को खाद नहीं दे पा रही, नौजवानों को नौकरी नहीं दे पा रही और महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर पा रही है।
अखिलेश यादव ने कहाकि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। यूपी में साइबर अपराध और महिला अपराध सबसे अधिक हैं, पर सरकार बेबस नजर आ रही है। अखिलेश ने कहाकि भाजपाई किसी के सगे नहीं होते। धोखा देना उनका सबसे बड़ा गुण है। भाजपा जाए तो चैन आए। उन्होंने कहाकि जनता अब भाजपा की सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
