मुस्लिम बच्ची की दुआ से बची मेरी जानः बृजभूषण शरण सिंह

0
2025_10image_12_24_301594059brijbhushansingh-ll

खेत में करानी पडी हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग

बिहार विधानसभा में चुनाव प्रचार कर लौट रहे थे

लखनऊ। यूपी के गोंडा जिले के कैसरगंज से पूर्व सासंद बृजभूषण शरण सिंह का हेलिकॉप्टर की घटना सुर्खियां बनी हुई हैं। इससे भी ज्यादा चर्चा एक मुस्लिम बच्ची की हो रही है जिसका आभार सासंद ने भी जताया है। उनका मानना है कि इसी बच्ची की दुआ से बड़ी घटना नहीं घटी है और उनकी जान बच गई।

दरअसल बृजभूषण शरण सिंह जब पटना एयरपोर्ट पर थे तो एक बच्ची उनके साथ फोटो खिंचवाने की जिद कर रही थी। बुर्के में बच्ची की मां बगल में खड़ी थी और बच्ची ने पूर्व सांसद के साथ हंसी खुशी फोटो खिंचाई। अब शरण सिंह इस घटना से बचने का श्रेय उस मुस्लिम बच्ची को दे रहे हैं।

बृजभूषण शरण सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहाकि सुबह जब वह पटना एयरपोर्ट से निकल रहे थे, तभी एक महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ जा रही थी। बच्ची ने फोटो खिंचवाने की जिद की, लेकिन उसकी मां हिचकिचा रही थीं। शायद मेरे सिर पर पगड़ी और गले की माला देखकर संकोच में थीं। मैंने मुस्कराकर कहा आओ बेटी, फोटो खिंचवा लो। ब्रज भूषण सिंह का कहना है कि उस बच्ची की मासूम मुस्कान और सच्चे दिल से निकली दुआ शायद मुझे आज इस हादसे से बचा ले गई।

गौरतलब है कि बिहार में चुनाव चल रहा है और बृजभूषण शरण सिंह भी एनडीए के पक्ष में वोट मांगने गए थे। गुरुवार की शाम उन्होंने भोजपुर जिले के संदेश विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रचार किया। सभा खत्म कर वे जैसे ही हेलीकॉप्टर से दिनारा विधानसभा क्षेत्र की ओर रवाना हुए, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया। आसमान में घने बादल छा गए, तेज बरसात और हवा शुरू हो गई। दृश्यता इतनी कम हो गई कि पायलट को कुछ दिखाई ही नहीं दे रहा था। सावधानी बरतते हुए पायलट को हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

पूर्व सांसद ने बताया कि खेत में हेलीकॉप्टर की अपातकालीन लैंडिंग कराने के बाद आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंच गए। ग्रामीणों ने न सिर्फ मदद की बल्कि पुलिस और प्रशासन को भी सूचना दी। थोड़ी ही देर में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *