सूर्य आराधनाः छठ मैया के जयघोष से गूंजा पार्वती घाट
उदीयमान भगवान भास्कर को अध्र्य देने के साथ ही सम्पन्न हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व
बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट पर उमडा आस्था का सागर, लोकगीतों से बही श्रद्धा की बयार
श्रद्धालुओं ने पेश की आस्था, अनुशासन और स्वच्छता की अनूठी मिशाल, मांगा आशीर्वाद
आगरा। भगवान सूर्य की उपासना के चार दिवसीय लोक महापर्व छठ का समापन मंगलवार को उगते सूर्य को अध्र्य देने के साथ हुआ। संतान के स्वास्थ्य, सफलता और लंबी आयु की कामना के लिए रखा जाने वाला यह व्रत श्रद्धा, भक्ति और शुद्धता का प्रतीक है। व्रती महिलाएं और पुरुषों ने पवित्रता और कठोर संकल्प के साथ छठ मैया और भगवान भास्कर की आराधना कर उनसे आशीर्वाद मांगा।

पूर्वांचल छठ पूजा समिति आगरा द्वारा पार्वती घाट बल्केश्वर पर आयोजित छठ महोत्सव श्रद्धा, भक्ति के साथ मनाया गया। मंगलवार को ऊषा अध्र्य (उगते सूर्य को अध्र्य) के साथ महापर्व का समापन हुआ। घाट पर मौजूद हजारों की संख्या में श्रद्धालु व्रतियों ने भोर में सूर्योदय के समय पानी में खड़े होकर उगते हुए भगवान भास्कर को अघ्र्य अर्पित किया। यह अध्र्य स्वास्थ्य, सफलता और जीवन में नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। उगते सूर्य को अघ्र्य देने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया। इसके साथ ही 36 घंटे का महाव्रत पूर्ण हुआ। इस दौरान आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों के साथ अतिथिगण और अधिकारी भी घाट पर पूजा में मौजूद रहे। रिमझिम बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था बाधा उत्पन्न नहीं कर सकी। इस दौरान प्रशासन और नगर निगम ओर से चाक- चैबंद व्यवस्थाएं की गई थीं। क्षेत्राधिकारी पियूष कांत राय, थाना कमला नगर प्रभारी सुनील शर्मा गोताखोर दल के साथ घाट पर मुस्तैद रहे। वहीं मुख्य व्यवस्थापक पूर्वांचल समिति के राकेश शुक्ला के नेतृत्व में ओपी गुप्ता, अखिलेश सिंह, प्रभु प्रसाद, आरपी राय, एसके मिश्रा और जेपी तिवारी ने संपूर्ण व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया।

इस मौके पर अपर जिला जज काशीनाथ गुप्ता, अपर जिला जज ज्ञानेंद्र राव, अपर जिला जज डॉ. दिव्यानंद द्विवेदी, यूपी जीएसटी विभाग के रमेश सिंह, समाज कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर शैलेश श्रीवास्तव, पीएनबी मैनेजर शैलेंद्र पांडेय, प्रो. एसके पांडेय, डॉ. केशव शर्मा, सुनील गोयल, अनामिका सिंह, निरुपमा राव, दुर्गेश पांडेय, पार्षद पूजा बंसल, गिर्राज बंसल, श्रीकृष्ण शर्मा, निशा शुक्ला, राजेश खुराना, रुक्मेश गुप्ता, प्रो. बृजराज यादव, अमिताभ गुप्ता, कुशवाहा, पवन, दिलखुश, विकास कुशवाहा, प्रेम शंकर (प्रधान), हर्षित, अनीश यादव, लोकेश शर्मा, रामबाबू शर्मा, राजकुमार, श्यामसुंदर, प्रमोद कुमार, सोनू यादव, रोहित लाल यादव, शुभम यादव, रितेश शाह, हिमांशु यादव, प्रिंस यादव, धर्मेंद्र वर्मा, अनीश तिवारी, शंभू ठाकुर, प्रभु प्रसाद, सुनील प्रजापति, सूरज कुशवाहा, रामू, सतेंद्र सिंह, आकाश प्रसाद, अनिल, आकाश प्रजापति, विकास कुशवाह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संतान, आरोग्य और प्रकृति के सम्मान का पर्व
पूर्वांचल छठ पूजा समिति के अध्यक्ष राकेश शुक्ला ने बताया कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह शुद्धता, संयम और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का महापर्व है। यह व्रत संतान की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए किया जाता है। मान्यता है कि छठी मैया अपने भक्तों की संतानों को आरोग्य, दीर्घायु और सौभाग्य प्रदान करती हैं। इस व्रत में पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। लहसुन, प्याज, और मांसाहारी भोजन पूर्णतः वर्जित होता है। व्रती सुखद शैय्या का त्याग कर फर्श पर शयन करते हैं और हर कार्य में शुद्धता बरती जाती है। उन्होंने कहाकि छठ महापर्व ने यह सिद्ध किया है कि जब समाज, प्रशासन और नागरिक एकजुट होकर कार्य करते हैं, तब हर आयोजन दिव्य और अनुकरणीय बनता है। पार्वती घाट को स्वच्छ, सुंदर और संस्कारित घाट के रूप में स्थापित करना हमारा सामूहिक संकल्प है।
