सांसद खेल महोत्सवः सीएम धामी ने खिलाड़ियों संग खेली कबड्डी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सांसद खेल महोत्सव का उद्घाटन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय तपोवन में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिला ड़ियों के साथ मैदान में उतरकर कबड्डी खेली। मुख्यमंत्री को अपने साथ खेलते देख खिलाड़ी और दर्शक उत्साहित हो उठे। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहाकि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में हो रहे सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण स्तर की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का एक बड़ा अभियान है। उत्तराखंड में यह खेल महोत्सव तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य फिट इंडिया स्पोर्ट्स इंडिया स्ट्रॉन्ग इंडिया के संदेश को हर गांव तक पहुंचाना है। उन्होंने कहाकि इस आयोजन से स्थानीय, पारंपरिक और लोक खेलों को नया जीवन मिलेगा।
सीएम धामी ने कहाकि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य सरकार भी प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। जहां हर वर्ष सैकड़ों खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहाकि उत्तराखंड खेल रत्न और हिमालय खेल रत्न पुरस्कारों के माध्यम से राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है। राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए चार प्रतिशत खेल कोटा भी पुनः लागू किया गया है जिससे खिलाड़ियों को उनके परिश्रम और उपलब्धियों का उचित सम्मान मिल सके।
