बिहार में मल्लाह का बेटा बन रहा उपमुख्यमंत्री, भाजपा को क्यों हो रही तकलीफः मुकेश सहनी
पटना। बिहार चुनाव में महागठबंधन से डिप्टी सीएम का चेहरा घोषित होने के बाद वीआईपी संस्थापक मुकेश सहनी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि मल्लाह (मछुआरे) के बेटे के उपमुख्यमंत्री बनने से उन्हें इतनी तकलीफ क्यों होती है? वीआईपी संस्थापक मुकेश सहनी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहाकि भाजपा को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहाकि यह वही भाजपा है जिसने कभी हमारे अल्पसंख्यक भाइयों को भारत छोड़कर कहीं और चले जाने को कहा था। अब वे लोग डरने लगे हैं। बिहार की जनता बहुत जल्दी उनको जवाब देने वाली है। उन्होंने कहाकि हम लोग अल्पसं ख्यकों के लिए सोच लेंगे, भाजपा उसके लिए न सोचे। उनके पास शाहनवाज हुसैन जैसे नेता हैं, वह उनके बारे में सोचे। उन्होंने कहाकि भाजपा नफरत की राजनीति करना बंद कर देश हित में कार्य करे।
वीआईपी संस्थापक ने कहाकि हम लोगों को पता है भाजपा इसलिए परेशान हो रही है कि एक दलित और पिछड़ी जाति का लड़का कैसे बिहार का उपमुख्यमंत्री बनने जा रहा है। हमको याद है आप लोगों ने हमारे विधायक को कैसे खरीद कर हमको सरकार से बाहर कर दिया था। उन्होंने कहाकि बहुत सी सीटों पर हमारे प्रत्याशी अपना नाम वापस ले रहे हैं। हम लोगों में बात चल रही है। सब ठीक है। जल्द ही इसका परिणाम आप लोगों को देखने को मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर मुकेश सहनी ने कहाकि प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे के दौरान यही प्लान रहता है कि कैसे बिहार की जनता को बेवकूफ बनाया जाए और कैसे इनका वोट ले लिया जाए। यही योजना इस बार भी है। उन्होंने कहाकि दो दिन पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी बिहार दौरे पर थे। बकौल सहनी अमित शाह ने एक इंटरव्यू में कहा था कि बिहार में फैक्ट्री लग नहीं सकती, यहां पर जमीन ही नहीं है। देश के टॉप 10 में कृषि उत्पादन में बिहार है। यह बात अमित शाह को नहीं पता है। हमारे पास जमीन बहुत है, इसके बाद भी वह बोल रहे हैं कि यहां फैक्ट्री नहीं लग सकती है। उनकी नियत में बिहार का विकास नहीं है।
