मोदी ने नौसैनिकों के बीच मनाई दिवाली
आईएनएस विक्रांत पर गाना सुना, जवानों को खिलाई मिठाई
कहा, सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान की उडाई नींद
पणजी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गोवा में आईएनएस विक्रांत पर नौसैनिकों के बीच दिवाली मनाई। उन्होंने करीब 40 मिनट के भाषण में कहाकि हमारा विक्रांत आज आत्मनिर्भर भारत और मेड इन इंडिया का बहुत बड़ा प्रतीक है। आईएनएस विक्रांत ने पाकिस्तान की रातों की नींद उड़ा दी थी। जिसका नाम ही दुश्मन का चैन छीन ले, वो आईएनएस विक्रांत है।
प्रधानमंत्री रविवार को ही यहां पहुंच गए थे। इस दौरान उन्होंने नौसैनिकों से बातचीत की। उनके साथ गाना गाया, मिठाई खिलाई और डिनर किया। यह 12वीं बार है कि पीएम दिवाली पर जवानों के बीच पहुंचे और दीवाली मनाई। पिछले साल पीएम गुजरात के कच्छ पहुंचे थे। यहां उन्होंने बीएसएफ, आर्मी, नेवी और एयरफोर्स के जवानों को मिठाई खिलाई थी। बीते 11 सालों में दिवाली के मौके पर पीएम सबसे ज्यादा 4 बार जम्मू-कश्मीर गए थे।
