रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लिया त्योहारों की तैयारियां का जायजा
बोले, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता
आनंद विहार स्टेशन का रेल मंत्री ने किया औचक निरीक्षण
स्टेशन के होल्डिंग एरिया में यात्रियों से की सीधे बातचीत
नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को रेलवे बोर्ड स्थित वॉर रूम का दौरा किया और त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की आवाजाही का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों का 24Û7 काम करने के लिए मनोबल बढ़ाया और दिवाली की उन्हें शुभकामनाएं दीं। रेल मंत्रालय ने कहाकि त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए वैष्णव ने रविवार को आनंद विहार रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के होल्डिंग एरिया में यात्रियों से सीधे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और दी जा रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।
वैष्णव ने कहाकि रेलवे ने यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है कि भारी भीड़ के बावजूद यात्रियों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहाकि यात्री सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहाकि सोशल मीडिया पर रेलवे के बारे में फर्जी वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और जनता से ऐसे वीडियो प्रसारित न करने की अपील की। केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं के लिए ये व्यापक व्यवस्थाएं दिवाली और छठ जैसे आगामी प्रमुख त्योहारों के दौरान लाखों यात्रियों के लिए सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेंगी। केंद्रीय मंत्री ने कहाकि त्योहारी सीजन के दौरान 12 लाख रेलवे कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं और अधिक से अधिक ट्रेनों का संचालन कर रहे हैं।
