महालक्ष्मी के स्वागत को तैयार भक्त, झिलमिलाया शहर
मां-लक्ष्मी-गणेश, कुबेर, श्रीराम के पूजन में जुटे भक्त
सुख-समृद्धि की कामना को सजे घर और प्रतिष्ठान
आगरा। पूरा शहर दीवाली की रंगत में रंगा हुआ है। सोमवार को शहर में रोशनी का पर्व परंपरागत तरीके से भक्तिभाव और उत्साह से मनाया जा रहा है। घर-घर में सुख-समृद्धि की कामना के लिए शुभ मुहूर्त में लक्ष्मी-गणेश, सरस्वती, कुबेर और भगवान श्रीराम की पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। लोगों ने अपने-अपने घरों को आकर्षक ढंग से सजाया-संवारा है। घरों की चैखट से लेकर छतों की मुंडेरों पर आस्था के दिए शाम ढलते ही जलाए जाएंगे। देर रात तक आतिशबाजी का दौर चलेगा।

शहर के सजे-धजे बाजार शहरवासियों का स्वागत करते नजर आए। कहीं तारे की शक्ल में ट्यूबलाइटें रोशनी बिखेर रही थीं तो कहीं रंगीन झालरों के बीच बल्व जगमगा रहे थे। हर बाजार, घर, मोहल्ला और कॉलोनी अलग ही रोशनी के रंग में रंगा है। शहर के प्रमुख बाजारों की छटा अलग ही नजर आ रही थी। रोशनी से जगमग बाजारों में खरीददारों की रौनक से दुकानदारों के चेहरों अलग ही खुशी झलक रही थी। वहीं शहर की कॉलोनियों, बस्तियों में सजावट में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी गई। पॉश कॉलोनियों में कोठियां आकर्षक रंग-बिरंगी झालरों से झिलमिला रही थीं। रोशनी के इस तरह फैल रही मानों चांद सितारे जमीं पर उतर आए हों। बाजारों में भीड का आलम यह है कि पैर रखने तक को जगह नहीं थी।
फूल और पटाखा बाजार में रही भीड़भाड़
दीपावली पर सोमवार को फूल और पटाखा बाजार में काफी भीडभाड़ दिखी। दीपावली पर फूलों की डिमांड काफी बढ़ जाती है। इसलिए जिन लोगों को ज्यादा मात्रा में फूलों की आवश्यकता है, उन्होंने पहले ही इसकी बुकिंग कर दी। सोमवार को फूल, पटाखा, कपड़ा बाजार, मिठाई और मावा की दुकानों पर काफी चहल-पहल थी। सुबह से फूलों की खरीददारी के लिए लोग ठेलों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। सुबह जहां गेंदे के फूल दो सौ रुपये किलो बिका। वहीं दिन चढने के साथ इसके दामों में गिरावट आई। फूलों का कारोबार 40 प्रतिशत तक अधिक होने का अनुमान लगाया है।
फूल विक्रेताओं का कहना है कि इस बार सजावट के लिए लोग चाइनीज सामानों की जगह फूल पसंद कर रहे हैं। इसलिए दीपावली इनकी काफी मांग रही। इसकी वजह से फूलों के बाजार में खासी रौनक दिखी। शहर की मंडियों और फूलों की दुकानों पर लोगों की दिनभर भीड़ लगी रही। दीपावली पर सजावट में गेंदे के फूल की डिमांड सबसे ज्यादा रहती है। इधर, गुलाब, कमल, रजनीगंधा, जूही के फूल की भी काफी डिमांड है। चूंकि कमल का फूल पूजन में प्रयोग किया जाता है। इसलिए इसके दाम अन्य फूलों की तुलना में बढ़ गए हैं। कमल का एक फूल 20 से लेकर 50 रुपए तक में बेचा गया।
