देश भर के स्टेशनों पर विकसित किए जाएंगे यात्री सुविधा केन्द्रः वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 7 हजार यात्रियों की क्षमता वाले अत्याधुनिक यात्री सुविधा केंद्र का किया निरीक्षण
भीड़भाड़ कम करने और सुविधा बढ़ाने को नए यात्री सुविधा केंद्र को प्री-टिकटिंग, टिकटिंग और पोस्ट-टिकटिंग जोन में किया विभाजित
नई दिल्ली। यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए, केंद्रीय रेल सूचना व प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (एनडीएलएस) पर नवनिर्मित यात्री सुविधा केंद्र (स्थायी होल्डिंग एरिया) का निरीक्षण किया। यह केंद्र लगभग 7 हजारयात्रियों की क्षमता के अनुरूप डिजाइन किया गया है। बोर्डिंग से पहले की सुविधा और आवागमन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस मौके पर अश्विनी वैष्णव ने कहाकि नए विकसित अत्याधुनिक यात्री सुविधा केंद्र त्योहारों के मौसम में यात्रियों को सुविधा प्रदान करेंगे। इस समय यात्रियों की संख्या में वृद्धि होती है। इस तरह के यात्री सुविधा केंद्र देश के अन्य स्टेशनों पर भी विकसित किए जाएंगे।

नए यात्री सुविधा केंद्र को यात्रियों की आवाजाही के लिए सुचारू बनाने को रणनीतिक रूप से तीन क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। इसमें 2,860 वर्ग मीटर में फैला एक टिकटिंग क्षेत्र, 1,150 वर्ग मीटर में फैला एक पोस्ट टिकटिंग क्षेत्र और 1,218 वर्ग मीटर में फैला एक प्री टिकटिंग क्षेत्र। यह स्थानिक पृथक्करण टर्मिनल के मुख्य प्रवेश द्वार पर भीड़भाड़ कम करने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है। उत्तर रेलवे ने निर्माण के दौरान कई जटिल चुनौतियों का सामना किया। इनमें एटीएम, दिल्ली पुलिस केबिन और होर्डिंग बोर्ड जैसी मौजूदा संरचनाओं को ध्वस्त करना और स्थानांतरित करना शामिल था। इसके अलावा, पानी की लाइनों, जल निकासी प्रणालियों और ऑप्टिकल फाइबर केबल जैसी उपयोगिताओं का संवेदन शील स्थानांतरण दैनिक संचालन में बिना किसी व्यवधान के किया गया।

इसके साथ ही, फुट ओवर ब्रिज के विस्तार के साथ एक आवश्यक बुनियादी ढांचे का उन्नयन पूरा किया गया। इसमें विस्तार से यह सुनिश्चित हुआ है कि नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन से उतरने वाले यात्री अब सीधे मेट्रो स्टेशन की ओर निकल सकेंगे, जिससे मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा और प्लेटफॉर्म पर भीड़भाड़ कम होगी। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री के साथ रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ सतीश कुमार, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा सहित रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य विशेषताएं-
टिकट व्यवस्थाः 22 आधुनिक टिकट काउंटर और 25 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम)।
क्षमता और आरामः 200 यात्रियों के बैठने की क्षमता और कुशल शीतलन के लिए 18 उच्च मात्रा निम्न गति (एचवीएलएस) पंखे।
स्वच्छता और जलः 652 वर्ग मीटर में निर्मित एक समर्पित शौचालय ब्लॉक, साथ ही एक आरओ-आधारित पेयजल प्रणाली।
सूचना और सुरक्षाः 24 स्पीकरों से सुसज्जित एक मजबूत यात्री उद्घोषणा प्रणाली, तीन एलईडी इलेक्ट्रॉनिक ट्रेन सूचना डिस्प्ले और 7 आधुनिक अग्निशमन प्रणाली।
सुरक्षाः अत्याधुनिक सुरक्षा उपाय जिनमें 18 सीसीटीवी कैमरे, 5 लगेज स्कैनर और 5 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) शामिल हैं।
