रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने भीड नियंत्रण तैयारियों का लिया जायजा

0
25-9 (1)

दीपावली और छठ दौरान यात्रियों की भीड उमडने को लेकर की गई हैं तैयारियां

रेल मंत्री ने नई दिल्ली स्टेशन का निरीक्षण कर किया स्थिति का आंकलन

नयी दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर की गईं तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां अधिकारियों से बात कर उन्होंने स्थिति का आंकलन किया।

वैष्णव ने स्टेशन पर होल्डिंग एरिया का निरीक्षण करने के बाद संवाददाताओं से कहाकि नयी दिल्ली स्टेशन पर यात्रियों की अचानक भीड़ उमड़ पड़ती है। इसे देखते हुए दो साल पहले एक अस्थायी होल्डिंग एरिया के साथ एक प्रयोग किया गया था। उस प्रयोग से यहां आने वाले यात्रियों को बहुत लाभ हुआ। अब, एक स्थायी क्षेत्र और यात्री सुविधा केंद्र, बनाया गया है। इससे आने वाले यात्रियों, खासकर बिना आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को सुविधा होगी।

उन्होंने बताया कि अंदर के सभी टिकट काउंटरों को स्थानांतरित किया जा रहा है। यात्रियों के आने पर उन्हें स्वागत योग्य वातावरण, बैठने के लिए एक बड़ा क्षेत्र और बड़ी संख्या में शौचालय मिलेंगे। यह नयी दिल्ली स्टेशन के लिए एक स्थायी सुविधा है। देश भर के 76 स्टेशनों पर इसी तरह की व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि यात्रियों को प्लेटफार्मों पर भीड़ न लगानी पड़े। इस व्यवस्था को एक नये स्तर पर लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहाकि छठ और दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान अचानक भीड़ बढ़ जाती है। इस भीड़ के दौरान इस पूरी व्यवस्था का परीक्षण किया जायेगा और इससे हासिल अनुभवों के आधार पर भविष्य में अन्य स्टेशनों पर भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने के लिए किया जायेगा।
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव की प्रोफाइल को मेटा (फेसबुक) द्वारा निलंबित करने के मुद्दे पर कहाकि यह कार्रवाई फेसबुक द्वारा की गयी है। इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है। उनके अकाउंट से एक अपमानजनक पोस्ट किया गया था, जिसके कारण फेसबुक ने अपनी नीतियों के अनुसार यह निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *