अमृत संवाद में रेलवे की सुविधाओं से रूबरू हुए यात्री
आगरा रेल मंडल के फतेहाबाद स्टेशन पर किया गया कार्यक्रम
नुक्कड नाटक के जरिए स्वच्छता के प्रति जागरुक भी किया गया
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा रेल मंडल के फतेहाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से अमृत संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा, यात्री सुविधाओं में सुधार और नागरिकों से सुझाव लिए गए। इस अवसर पर सांस्कृतिक टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता के प्रति यात्रियों को जागरूक किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पंच-प्राण सिद्धांतों और रेल मंत्रालय के विशेष अभियान के तहत मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन में आगरा रेल मंडल के फतेहाबाद स्टेशन पर शुक्रवार को अमृत संवाद का आयोजन किया गया। वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर ओएफ आगरा विक्रम कोली ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न किए गए कार्यों की जानकारी दी। विक्रम कोली ने बताया कि फतेहाबाद स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया गया है। जहां उन्नत प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, नवनिर्मित प्लेटफार्म शेड, सौंदर्यीकरण, ऊर्जा-संवर्धित प्रकाश व्यवस्था और एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉल जैसी सुविधाएं यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं।

यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने स्टेशन और ट्रेनों की स्वच्छता, रखरखाव और यात्री सुविधाओं के बारे में अपने विचार साझा किए। इसके साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से पालन करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान स्वच्छता, रखरखाव और रेलवे संपत्तियों के संरक्षण में लोगों से अपनी भागीदारी करने को प्रेरित किया गया। यह संवाद रेलवे पंच-प्राण की एक सजीव अभिव्यक्ति है, जो अमृत काल में भारत की प्रगति को जनसहभागिता के माध्यम से सशक्त बनाने का प्रतीक है। इस दौरान वीरभान सिंह प्रधान, राज बहादुर सिंह प्रधान और आम नागरिकों के साथ रेलवे के कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।
