अखिलेश यादव के फेसबुक अकाउंट सस्पेंड होने पर बिफरे सपाई

0
27-8

पार्टी नेताओं ने भाजपा पर लगाया विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है। पार्टी नेताओं ने विपक्ष की आवाज दबाने के लिए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। सपा नेता फखरुल हसन चांद ने एक्स पर लिखा देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट सस्पेंड करना लोकतंत्र पर हमला है। भाजपा सरकार ने देश में अघोषित आपातकाल लगा दिया है। जहां वह विपक्ष में उठने वाली हर आवाज को दबाना चाहती है। समाजवादी पार्टी भाजपा की जनविरोधी नीतियों का विरोध करती रहेगी।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और सांसद राजीव राय ने भी इस कृत्य की निंदा करते हुए कहाकि यह भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर एक प्रहार है। उन्होने लिखा देश की संसद में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के नेता उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का फेसबुक द्वारा अकाउंट ब्लॉक करना न केवल निंदनीय है, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी कुठाराघात है। अगर भाजपा ने ऐसा किया है, तो यह एक गलती है। अगर यह सत्ताधारी दल के इशारे पर किया गया है, तो यह कायरता की निशानी है। समाजवादियों की आवाज दबाने की कोशिश एक गलती है। समाजवादी पार्टी के एक अन्य नेता पवन पांडे ने भी अखिलेश यादव की आवाज दबाने के लिए फेसबुक की आलोचना की और कंपनी से अपनी सीमाओं का सम्मान करने का आग्रह किया। पांडे ने एक्स पोस्ट में लिखा कि फेसबुक ने आज अपनी सारी हदें पार कर दीं। बिना किसी चेतावनी या सूचना के उसने अखिलेश यादव का आधिकारिक पेज सस्पेंड कर दिया। यह कोई साधारण अकाउंट नहीं है। इसने अखिलेश यादव की आवाज को दबाने की घिनौनी कोशिश की है, जो भारतीय लोकतंत्र और करोड़ों लोगों की आवाज है। फेसबुक को अपनी सीमाओं का ध्यान रखना चाहिए, वह लोकतंत्र को चुप नहीं करा सकता। समाजवादियों को फेसबुक को होश में लाने का समय आ गया है। ऐसा अहंकार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *