रेलवे की संचार प्रणाली को और बेहतर बनाने पर दिया बल

0
4f3c4518-a7f8-4191-b493-894895dd2e7d

आगरा मंडल में हुई सिगनल और दूरसंचार विभाग द्वारा संरक्षा संगोष्ठी

नवीन तकनीकी, मानक और सुरक्षा उपायों की जानकारी की गई साझा

आगरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा के गोवर्धन कक्ष में शनिवार को हुई संगोष्ठी में उपकरणों के रख-रखाव, दुर्घटना-निरोधक उपायों और त्वरित संचार प्रणाली को और बेहतर बनाने पर बल दिया गया। संगोष्ठी में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिग्नलिंग और दूरसंचार सम्बन्धी कार्यों में नवीनतम तकनीक, मानक प्रक्रियाओं और सुरक्षा उपायों की जानकारी साझा की गई।

मण्डल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल की अध्यक्षता में हुई संरक्षा संगोष्ठी में सिग्नल और दूरसंचार विभाग की दैनिक गतिविधियों में संरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई। इस दौरान कर्मचारियों को सतर्कता, टीम वर्क और तकनीकी दक्षता को अपनाने को प्रेरित किया गया। ताकि रेलवे परिचालन निर्बाध और सुरक्षित बना रहे। संरक्षा संगोष्ठी में उपकरणों के रख-रखाव, दुर्घटना- निरोधक उपायों और त्वरित संचार प्रणाली को और बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया गया। संरक्षा व सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न प्रस्तुतियां और अनुभव साझा किए गए। कर्मचारियों ने संरक्षा व सुरक्षा के प्रति जागरूकता और उत्तरदायित्व को और मजबूत करने का संकल्प लिया। साथ ही अन्य सेफ्टी से संबंधित विषयों पर कर्मचारियों के ज्ञान को रिफ्रेश किया गया। उपस्थित कर्मचारियों व पर्यवेक्षकों द्वारा पूछे गए सवालों का अधिकारियों द्वारा जवाब दिया गया। साथ ही उनकी समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया गया।

संगोष्ठी में रेलवे ट्रैक और यार्ड में कार्य करते समय मानक सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने, सिग्नलिंग उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव, सुरक्षा स्तर को उच्चतम बनाए रखने, दूरसंचार प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित संचार पर जोर दिया गया। दुर्घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव कार्यों के लिए आपदा प्रबंधन योजनाओं को दोहराया गया। नवीन तकनीकी समाधानों और स्वचालित उपकरणों के उपयोग से मानवीय त्रुटि को न्यूनतम करने पर विचार-विमर्श किया गया। भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए ठोस कार्यनीतियां साझा की गईं। यह संगोष्ठी रेल प्रशासन की संरक्षा व सुरक्षा की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

रेल मंडल प्रशासन द्वारा आगे भी इस प्रकार की कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की योजना बनाई जा रही है। ताकि शून्य दुर्घटना की दिशा में कदम बढ़ाए जा सकें। संगोष्ठी में अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा आगरा प्रनव कुमार और वरिष्ठ मण्डल सिगनल व दूरसंचार इंजीनियर समन्वय सुबोध राजपूत के साथ अन्य विभागीय अधिकारी, पर्यवेक्षक कर्मचारी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *