विधान परिषद की सभी छह सीटों पर चुनाव लडेगा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ
महासंघ अध्यक्ष ने विधान परिषद में प्रत्याशी उतारने का लिया फैसला
आगरा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश विधान परिषद की सभी छह शिक्षक सीटों पर चुनाव लडेगी। इसको लेकर उत्तर प्रदेश के माध्यमिक संवर्ग के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सन्तोष कुमार सिंह ने संगठन के संस्थापक डॉ. देवी सिंह नरवार के आवास पर पहुंचकर उनसे महासंघ के प्रत्याशियों को चुनाव में उतारने पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान महासंघ के माध्यमिक संवर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार शर्मा (अलीगढ़) से दूरभाष पर वार्ता कर उनके अनुमोदन और सहमति से महासंघ द्वारा विधान परिषद की सभी छह शिक्षक सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। गौरतलब है कि वर्ष 2026 में उप्र विधान परिषद की छह शिक्षक सीटों मेरठ, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ, गोरखपुर और बनारस पर चुनाव होना है। चुनाव आयोग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद नये सिरे से मतदाता सूची तैयार करने का कार्य शुरू होगा। महासंघ द्वारा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की कार्य योजना तैयार की जा रही है। साथ ही प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। महासंघ के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार शर्मा से उनके मोबाइल नम्बर 8218269764 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
चर्चा के दौरान माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालयों में सेवारत अध्यापकांे के लिए टीईटी की अनिवार्यता पर चिन्ता जाहिर की गई। महासंघ ने कहाकि शिक्षकों की भर्ती-नियुक्ति के समय न्यूनतम अर्हता में टीईटी शामिल नहीं थी, लेकिन यकायक टीईटी की अनिवार्यता लागू करना कतई व्यवहारिक नहीं है। यह व्यवस्था शिक्षकों के अधिकारों पर कुठाराघात है। इससे शिक्षकों में भारी बैचेनी और असन्तोष है। महासंघ इस मुद्दे पर जरूरत पडने पर आन्दोलन भी करेगा।
