होममेड हेल्दी उत्पाद प्रदर्शनीः छात्राओं ने पोषण, परंपरा और नवाचार का दिया संदेश
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान संस्थान में छात्राओं ने लगाई खाद्य प्रदर्शनी
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान संस्थान के आहार और पोषण विभाग द्वारा होममेड हेल्दी उत्पाद थीम पर आयोजित खाद्य प्रदर्शनी ने न केवल स्वाद का उत्सव प्रस्तुत किया, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में एक सशक्त संदेश भी दिया।

विभाग डीन प्रो अर्चना सिंह ने कहाकि प्रदर्शनी में छात्राओं की रचनात्मकता और नवाचार स्पष्ट रूप से देखने को मिला। विभिन्न प्रकार के पौष्टिक प्रीमिक्स पाउडर, स्वादिष्ट कचैड़ी, हेल्दी उपमा जैसे उत्पादों के साथ पारंपरिक पेय पदार्थों, ठंडाई पाउडर, लेमन स्क्वैश, आंवला स्क्वैश और आम पन्ना ने विशेष रूप से आकर्षित किया। अचारों की विविधता में प्याज, मिक्स, नींबू और मिर्च के अचार ने घरेलू स्वाद की याद दिलाई।
प्रदर्शनी में निर्जलीकृत (डिहाइड्रेटेड) उत्पादों जैसे पुदीना, करी पत्ता, मेथी पत्तियां, मूंग बड़ी और मैसूर बड़ी ने यह संदेश दिया कि सीमित संसाधनों में भी पोषण को संरक्षित रखा जा सकता है। वहीं शेजवान चटनी और ग्रीन चिली सॉस जैसे फ्यूजन उत्पादों ने आधुनिक स्वाद के साथ परंपरा का संतुलन प्रस्तुत किया। आंवला कैंडी और च्यवनप्राश जैसे उत्पादों ने भारतीय पारंपरिक ज्ञान को भी नई पीढ़ी के सामने सशक्त रूप में रखा।
प्रदर्शनी में एमएससी (आहार और पोषण) व एमएससी. (सामान्य) की छात्राओं ने भाग लिया। यह प्रदर्शनी केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, स्वास्थ्य जागरूकता और उद्यमिता की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुई। छात्राओं ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि ज्ञान, कौशल और रचनात्मकता का समन्वय हो, तो घरेलू स्तर पर भी ऐसे उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं जो न केवल स्वास्थ्यवर्धक हों, बल्कि स्वरोजगार के नए अवसर भी प्रदान कर सकते हैं।

कुलपति प्रो. आशु रानी के निर्देशन में गृह विज्ञान संस्थान की डॉ दीप्ती सिंह ने प्रयोगशाला सहायक सुनीता तिवारी के सहयोग से छात्राओं द्वारा आयोजित की गई इस खाद्य प्रदर्शनी में डॉ. रश्मि शर्मा, डॉ. संगमित्रा गौतम, डॉ. प्रीति यादव, डॉ. कविता सिंह, डॉ. मोनिका अस्थाना, डॉ. रत्ना पांडेय, डॉ. आभा सिंह, डॉ. नीरज, डॉ. तपस्या, डॉ. नेहा सक्सेना, डॉ. अनुपमा, डॉ. प्रिया यादव ने छात्राओं का उत्साह वर्धन किया।


