आगरा रेल मंडल में विकास एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार पर मंथन, महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की उपस्थिति में सांसदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई आयोजित

0
WhatsApp Image 2026-10-09 at 8.30.14 PM (1)

रेल अवसंरचना के विकास, नई ट्रेन सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं को लेकर सांसदों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव, उत्तर मध्य रेलवे ने विकास योजनाओं की समीक्षा की

जनप्रतिनिधियों के सुझावों से रेल विकास को मिलेगी नई गति, आगरा मंडल की उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

आगरा: भारतीय रेल देश की जीवनरेखा है और देश के विकास में अपना अहम योगदान दे रही है। इसी कड़ी में उत्तर मध्य रेलवे भारतीय रेल के एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग के रूप में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रही है।  दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को आगरा के ताज कन्वेंशन होटल  के सभागार में उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मण्डल के सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ महाप्रबंधक की उपस्थिति एक उच्च स्तरीय एवं महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य मण्डल की हालिया उपलब्धियों को साझा करना, इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास की समीक्षा करना तथा माननीय जनप्रतिनिधियों से बहुमूल्य सुझाव प्राप्त कर रेल विकास योजनाओं को नई दिशा देना रहा।
इस अवसर पर बैठक को सम्बोधित करते हुए महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा एवं राजस्थान के महत्वपूर्ण क्षेत्रों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाता है। आगरा मण्डल प्रमुख रेल मार्ग पर स्थित होने के कारण विशेष महत्व रखता है। यहाँ यात्री सुविधाओं के विकास, नई रेल लाइनों, दोहरीकरण, विद्युतीकरण एवं अन्य आधारभूत परियोजनाओं को गति देने में सांसदों और रेल प्रशासन का समन्वय महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पर्याप्त बजट, उच्चस्तरीय निगरानी तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग से रेल परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। एआई आधारित रेल मदद पोर्टल (139) के माध्यम से यात्रियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में आगरा मण्डल ने 353.07 लाख यात्रियों से ₹729.92 करोड़ की यात्री आय तथा ₹548.87 करोड़ की मालभाड़ा आय अर्जित की।
स्टेशन विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन को स्टेशन पुनर्विकास योजना में शामिल किया गया है। वहीं, अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चयनित 15 स्टेशनों में से 6 का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष पर कार्य प्रगति पर है।
महाप्रबंधक के संबोधन उपरांत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता द्वारा आगरा मंडल में किए जा रहे विकास कार्यों पर एक पावरप्वाइंट प्रस्तुतिकरण किया। इसके बाद सांसदों एवं शेष  सांसदों के प्रतिनिधियों द्वारा सुझाव एवं मांगें रखी गईं। इनमें मुख्यत: आम जनता के सरोकारों के विषय थे जिनमें नई ट्रेन सेवाएं, ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी एवं ठहराव, प्रमुख स्टेशनों का पुनर्विकास एवं यात्री सुविधाओं का विस्तार, रेल अवसंरचना एवं नेटवर्क क्षमता में वृद्धि, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं स्टेशन परिसर व्यवस्था, बुनियादी यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता एवं रखरखाव आदि प्रमुख रहे।

इस अवसर पर बोलते हुये  हेमा मालिनी , सांसद लोकसभा, मथुरा का प्रतिनिधि कर रहे जनार्दन शर्मा ने कहा की मथुरा जंक्शन पर प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2, 8, 9, 10 को आपस मे जोड़ने के लिए आगरा सिरे की तरफ एक फुट ओवर ब्रिज (FOB) बनाने व मथुरा जंक्शन पर जनिहत मे गतिमान एक्स्प्रेस का ठहराव देने का सुझाव दिया| राजकुमार चाहर , सांसद लोकसभा, फतेहपुर सीकरी ने कहा कि आगरा कैंट स्टेशन पर पिछले 8 वर्षों से सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा रेलवे में क्रांतिकारी बदलावों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ₹34 करोड़ की लागत से बटेश्वर रेलवे स्टेशन के विकास हेतु महाप्रबंधक एवं अपर महाप्रबंधक को धन्यवाद दिया। साथ ही, 64624 इटावा–आगरा कैंट मेमू का बांदीकुई तक विस्तार, हॉल्ट एवं सभी स्टेशनों पर वाटर कूलर लगाने, फतेहपुर सीकरी के पेठा-नमकीन उत्पादों हेतु OSOP स्टॉल स्थापित करने तथा जलभराव की समस्या के समाधान के लिए अंडरपास की संरचना एवं डिजाइन पर पुनर्विचार करने की मांग उठाई।
प्रो.एस.पी. सिंह बघेल ,  सांसद (लोक सभा, आगरा) एवं राज्यमंत्री मत्स्य पालन, पशुपालन व डेयरी मंत्रालय, पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार ने कानपुर-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस का टुंडला स्टेशन पर ठहराव तथा फफूंद रेलवे स्टेशन स्थित NGPC/GAIL पेट्रोकेमिकल कर्मचारियों की सुविधा हेतु ट्रेन ठहराव का सुझाव दिया। आगरा एटा की आवृत्ती बढ़ाना साथ ही अवागढ़ पर ठहराव एवं रेलवे संबंधी अन्य सुझाव भी प्रस्तुत किए।
जितेंद्र कुमार दोहरे ,सांसद लोकसभा, इटावा ने उदिमोड रेलवे स्टेशन पर यात्री शेड, दिव्यांगजन पार्किंग, जैतपुरा में प्लेटफॉर्म बेंच, बहादुरपुरा गांव में हॉल्ट, लालगढ़ एक्सप्रेस का खाटूश्याम हेतु ठहराव तथा इटावा स्टेशन पर 22415 वंदे भारत एक्सप्रेस एवं 20433 जम्मू मेल के दोनों दिशाओं में ठहराव का सुझाव दिया। साथ ही पुराने रेलवे आवासों के रखरखाव का सुझाव भी दिया।

सांसद राज्यसभा, नवीन जैन ने कहा यात्रियों की सुविधा हेतु प्लेटफॉर्म की लंबाई के अनुरूप बैठने के लिए कुर्सियों की संख्या बढ़ाने, सभी प्लेटफॉर्म पर पूछताछ केंद्र स्थापित करने, स्टेशनों पर RO वाटर कूलर बढ़ाने, 24 घंटे साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शौचालयों की संख्या बढ़ाने के सुझाव दिए। साथ ही, आगरा–इंदौर के बीच नियमित ट्रेन सेवा तथा आगरा कैंट से धार्मिक नगरी उज्जैन तक ट्रेन चलाने की मांग उठाई।
सांसद राज्यसभा तेजवीर सिंह ने सुझाव दिया कि वंदे भारत ट्रेन संख्या 22470 हज़रत निजामुद्दीन का सप्ताह में 6 दिन संचालन करते हुए दतिया के अतिरिक्त मथुरा स्टेशन पर भी ठहराव प्रदान किया जाए। ट्रेन संख्या 22222 हज़रत निजामुद्दीन का मथुरा स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया जाए। पंडित दीनदयाल स्मृति मेला महोत्सव के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा हेतु अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जाए।
जयंत चौधरी सांसदराज्य सभा, एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री कौशल विकास एवं उद्यमिता (स्वतंत्र प्रभार), राज्य मंत्री शिक्षा विभाग, भारत सरकार का प्रतिनिधि कर रहे कप्तान सिंह ने सुझाव दिया की जलेसर रोड रेलवे स्टेशन (हावड़ा-नई दिल्ली मुख्य लाइन) पर ट्रेन का ठहराव किया जाए। LC-37 (मथुरा गेट) और LC-31 (इकरन गेट) पर ROB बनाया जाए |
बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक/सामान्य अतुल मिश्रा ने किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल एवं उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के सभी प्रधान विभागाध्यक्ष एवं मंडल के शाखाधिकारीगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरे