आगरा में वाहन चोर गिरोह पांच सदस्य गिरफ्तार
चोरी के वाहनों को काटकर कबाड़ियों को बेचते थे पार्ट्स
आगरा। मलपुरा पुलिस और सर्विलांस टीम ने शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दा फाश करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था और चोरी के वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स कबाडियों को बेचते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 3 चोरी की मोटर साइकिल, 1 चोरी का मोबाइल फोन के अलावा 4 अन्य मोबाइल बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोज ठाकुर, मनीष डागर, गोविंद ठाकुर, उदय कुशवाह और आमिर खान के रूप में हुई है। सभी थाना सदर क्षेत्र के नैनाना जाट गांव के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया वह संगठित तरीके से मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स कबाड़ियों को बेच दिया जाता था, जिससे उन्हें जल्दी पैसा मिल सके।
