आगरा में फ्लैट में चल रहा था आईपीएल सट्टा, पुलिस ने छापा मार एक सटोरिए को किया गिरफ्तार, दो फरार
मैच में हर बाॅल और रन और हारजीत पर लगाए जा रहे थे दांव
एक लाख से अधिक की नकदी, मोबाइल और लैपटाप किए बरामद
आगरा। सिकंदरा थाना पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी पर शिकंजा कसते हुए एक बड़े सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने फ्लैट में हर बाल और रन के अलावा हार-जीत पर दांव लगाए जा रहे थे। पुलिस ने छापामार कार्रवाई में मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया हैै। जबकि दो अन्य फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
सिकंदरा क्षेत्र स्थित नील फ्लोरेंस अपार्टमेंट के एक फ्लैट में आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाया जा रहा था। रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फ्लैट में छापा मारा। पुलिस ने मौके से रितिक पाठक पुत्र संजय पाठक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 19 हजार 5 सौ रुपये नकद के अलावा 5 मोबाइल फोन, 2 लैपटाॅप, एक दर्जन एटीएम कार्ड और विभिन्न बैंकों की 19 पास बुक बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई ऋषभ पाठक और केशव पाठक के साथ मिलकर आईपीएल मैचों का सट्टा खिलाता था।
आरोपी ने बताया कि वह लोग आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे और उनसे दस्तावेज लेकर उनके नाम पर सिम जारी करवाकर उनके खातों में सट्टे का पैसा ट्रांसफर कराकर बाद में एटीएम से रकम निकाल लेते थे। पुलिस के मुताबिक बरामद नकदी सट्टे की कमाई से सम्बन्धित है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में इटावा के बकेवर थाने में धोखाधडी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
