…और कितने रंग बदलेंगे अखिलेश यादव, नीला गमछा डालने पर डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने किया कटाक्ष

0
90c851f0-8d05-4995-83fe-827d1dbbad96

कहा, बिना सत्ता के बेचैन हैं सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव

उनके शासन में अत्याचारों की है लम्बी फेहरिस्तः मौर्य

आगरा। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहाकि अखिलेश यादव अपना शासन याद करें। उनके शासन में अत्याचारों की लंबी फेहरिस्त है। उन्होंने कहाकि जहां भाजपा की सरकार है, वहां सुशासन है, वहां रामराज्य है और विकास है। भ्रष्टाचार और अराजकता से मुक्ति है। सपा की सरकार में चारों तरफ अराजकता और दंगे थे। डिप्टी सीएम ने यह बात बुधवार को यहां मीडिया से मुखातिब होते हुए कही।
मौर्य ने कहाकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले 9 साल से सुशासन की सरकार चल रही है। इसकी तस्वीर देखनी हो तो ज्यादा दूर मत जाइए, आगरा को ही देख लीजिए। 9 साल पहले आगरा क्या था और आज क्या है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मतलब है सबका साथ, सबका विकास। सपा का मतलब था कुछ का साथ, गुंडों का विकास।
अखिलेश यादव के डाॅ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर नीला गमछा डालने पर कटाक्ष करते हुए डिप्टी सीएम ने कहाकि जब तक 2027 का चुनाव नहीं हो जाएगा तब तक ऐसा ही रहेगा। उन्होंने कहाकि अखिलेश यादव इतने रंग बदलेंगे कि याद ही नहीं रहेगा। कभी लाल टोपी पहनते हैं तो कभी जालीदार टोपी लगाते हैं। कभी लाल गमछा डालते हैं तो कभी नीला गमछा। उन्हें ये ध्यान नहीं रहेगा कि रामलला का भव्य मंदिर तो बन गया। अब उन्हें मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि की तरफ जाना चाहिए। बाबा विश्वनाथ के धाम की ओर जाना चाहिए। वो ये सब नहीं करेंगे। उनका ये रंग बदलना साबित करता है कि फर्जी पीडीए चल रहा है। डिप्टी सीएम ने कहाकि अखिलेश यादव सत्ता के बिना बेचैन है। उन्होंने साफ कहाकि किसी बेटी के साथ कोई अन्याय होगा। अपराध होगा तो अपराधी को छोड़ा नहीं जाएगा। कानून के हिसाब से उसके साथ कार्रवाई होगी।
इससे पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को आगरा पहुंचने पर खेरिया हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। यहां से वह सीधे सर्किट हाउस पहुंचे। यहां पर भाजपा पदाधिकारियों और संगठन व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संचालित योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों की समीक्षा की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *