शांति में ही छिपा है समाधानः सहज योग ने डॉक्टर और स्टाफ को दिया सेहत का संदेश
उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल में आयोजित किया गया योग-ध्यान सत्र
आगरा। उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल में सोमवार श्री माता निर्मला देवी के सहज योग मेडिटेशन ट्रस्ट के सहयोग से एक विशेष योग और ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। इसमें डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अस्पताल के एमडी और वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा ने कहाकि सहज योग एक स्वतः सिद्ध प्रक्रिया है। इसमें कठिन आसनों या प्राणायाम की आवश्यकता नहीं होती। केवल कुछ मिनटों का नियमित ध्यान ही व्यक्ति के भीतर सुप्त अवस्था में पड़ी कुंडलिनी शक्ति को जागृत कर सकता है। यह शक्ति रीढ़ के आधार से ऊपर उठकर विभिन्न चक्रों (ऊर्जा केंद्रों) को शुद्ध करती है, जिससे शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रोगों से मुक्ति मिलती है तथा कार्य करने की क्षमता में वृद्धि होती है।
सहज योग मेडिटेशन के लोकेश कुमार ने बताया कि सहज योग के ध्यान से जीवन को संतुलित, शांत और आनंदमय बनाया जा सकता है। शांति में ही समाधान छिपा होता है, जो हर क्षेत्र में सहायक एवं आवश्यक है। यूनिट हेड रणंजय सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहाकि स्टाफ का फिट रहना भी अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर डॉ. विजय बालेचा, एचआर मैनेजर लवकेश गौतम, शिवम चैधरी, मयंक जैन, विष्णु वर्मा, दीपक मतलानी, किरण मतलानी और जिला समन्वयक (सहज योग आगरा) राहुल यादव ने भी योग सत्र में भाग लिया।
