मथुरा में कर्नाटका संपर्क क्रांति के पहियों से उठा धुआं, थमी रफ्तार, रेलवे की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

0
4cf5a864-b0da-4e29-81cc-92989b781598

मथुरा। वृंदावन-भूतेश्वर के बीच गुरुवार को किलोमीटर 1405/21 के पास एडवांस सिग्नल के निकट कर्नाटका सम्पर्क क्रांति ट्रेन में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे कुछ कोचों के पहियों से धुआं निकलने लगा। सूचना सुबह 10.04 बजे डीएसीआर आगरा से रेलवे सुरक्षा बल को प्राप्त हुई। ट्रेन को तत्काल रोका गया और करीब 9.34 बजे से 10.01 बजे तक तकनीकी जांच के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। बाद में ट्रेन मथुरा जंक्शन की मेन लाइन पर रोकी गई। जहां रेलवे के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया।

सूत्रों के अनुसार कोच बी-1, बी-2 और बीई-1 के ब्रेक शूज पहियों से चिपक जाने के कारण धुआं उठा। मौके पर मौजूद एसी मैकेनिक और टीटीई ने भी इस तकनीकी समस्या की पुष्टि की। मथुरा जंक्शन पर स्टेशन अधीक्षक, डिप्टी एसएस, एसएसई कैरीज एंड वैगन, इलेक्ट्रिक सुपरवाइजर और मुख्य लोको निरीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया।

कर्नाटका सम्पर्क क्रांति ट्रेन मथुरा जंक्शन पर सुबह 10.15 बजे से 10.57 बजे तक खड़ी रही, जिसके बाद उसे सुरक्षित रवाना कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों की तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। पीआरओ आगरा रेल मंडल प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन में हॉट एक्सल की घटना नहीं हुई है। कोच के ब्रेक शूज चिपकने के कारण धुंआ उठा था। मथुरा में ट्रेन को ठीक कर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *