बेरहम मां ने ही कर दिया कलेजे के टुकडे का कत्ल!
डेढ साल की बेटी की हत्या कर लाश नाली में फेंकी
पिता ने बताई मासूम बच्ची के कत्ल करने की वजह
आगरा। छत्ता थाना क्षेत्र में यमुना आरती स्थल पर नाले में मिली मासूम बच्ची की हत्या उसकी मां ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी मां से पूछताछ कर रही है।
नगला धाकरान निवासी रामू धाकड़ ने बताया कि उसकी शादी ढाई साल पहले बिहार के हरीनगर निवासी ममता से हुई थी। नवंबर 2024 में बेटी खुशी का जन्म हुआ था। पत्नी किसी युवक से फोन पर बात करती थी। वह कई बार घर से बिना बताए चली जाती थी। मंगलवार सुबह पति रामू चेन बनाने के कारखाने में कम करने गया था। पूर्वान्ह 11 बजे के करीब ममता बेटी खुशी को डॉक्टर को दिखाने के बहाने ले गई थी। इसके बाद वापस नहीं लौटी। उसने पुलिस से शिकायत की थी। देर रात थाना छत्ता पुलिस ने फोटो दिखाकर शिनाख्त की। रामू की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं पीड़ित पिता का कहना है कि अवैध संबंधों के चलते ही उसने बेटी को मार दिया।
मासूम बच्ची की लाश बीती शाम तकरीबन 7 बजे मिली थी। यमुना किनारा मार्ग पर लड्डू गोपाल की प्रतिमा से कुछ मीटर की दूरी पर यमुना आरती स्थल के समीप सड़क किनारे जा रही पानी की पाइपलाइन के पास शव मिला। बच्ची का शव प्रतिमा और आरती स्थल के बीच में पाइप लाइन के बगल से बनी नाली में पड़ा था। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि बच्ची के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं दिख रहा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। बच्ची ने टीशर्ट और लोअर पहना हुआ था।
