शीत गृहों में संयंत्रों के रखरखाव, अमोनिया गैस से बचाव के उपाय बताए
सूर सदन में शीतगृह स्वामियों और कर्मचारियों के लिए हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम
अग्नि सुरक्षा, आवश्यक सावधानियों व आपातस्थिति अपनाए जाने पर दिया बल
आगरा। सूर सदन ऑडिटोरियम, आगरा में शीत गृह स्वामियों और उनके कर्मचारियों के लिए संयंत्रों के रखरखाव, अग्निशमन से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशों पर उद्यान विभाग के प्रयासों से हुए कार्यक्रम में जनपद के सभी शीत गृह स्वामी और उनके मशीन रूम स्टाफ की भागीदारी रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग रहे। विशिष्ट अतिथियों में मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह, जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह असिस्टेंट डायरेक्टर फैक्ट्रीज लीना भाटिया, असिस्टेंट लेबर कमिश्नर शगुन उमर, पर्यावरण विभाग के अधिकारी, आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल और ग्रामीण कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष अवनीश गुप्ता ंने अपने विचार साझा किए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने शीत गृहों में संयंत्रों के सुरक्षित रखरखाव, अमोनिया गैस से बचाव के उपाय, अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों और किसी भी आपातस्थिति में अपनाए जाने वाले प्रभावी कदमों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रायोगिक प्रदर्शन (प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन) के माध्यम से अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की विधि समझाई और उपस्थित स्टाफ को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए जिला उद्यान विभाग का आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने शीत गृहों से आलू निकासी से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की और इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को क्षेत्रवार क्लस्टर के रूप में विभिन्न स्थानों पर आयोजित करने का सुझाव दिया, जिस पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने सहमति व्यक्त की।
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने सुझाव दिया कि प्रशिक्षण में प्रदर्शित प्रक्रियाओं का एक वीडियो तैयार कर सभी शीत गृहों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि अन्य कर्मचारी भी इससे लाभान्वित होकर प्रशिक्षित हो सकें। जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।


