रेलवे सुरक्षा बल ने आगरा मंडल में साल भर में बरामद किया 45 लाख का गांजा
आगरा रेल मंडल द्वारा ऑपरेशन नारकोस के तहत मादक पदार्थों के विरुद्ध की गई सख्त कार्रवाई
आगरा। रेलवे सुरक्षा बल ने आगरा रेल मंडल में वित्तीय वर्ष 2025-26 में आपरेशन नारकोस के तहत चलाए गए अभियान के दौरान मादक पदार्थों के साथ दस लोगों को गिरफ्तार किया। रेलवे सुरक्षा बल ने इनके कब्जे से 144 किलो गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की कीमत 45 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के निर्देशन में यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ऑपरेशन नारकोस के तहत व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान अप्रैल 2025 से मार्च 2026 की अवधि में 45 लाख 8 हजार 450 रुपये मूल्य का 143.93 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इसके साथ ही 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अन्य संबंधित एजेंसियों के समन्वय से संचालित इस अभियान ने मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी राज मोहन ने बताया कि इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे। यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और नशामुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
